रायपुर। सावन के पवित्र महीने के दौरान सोशल मीडिया पर आराध्य देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आया है। पोस्ट और उस पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा के नेता और पदाधिकारी देर रात सिविल लाइन थाने पहुंचे और संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।
वहीं, मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कथित अभद्र टिप्पणी करने वाले अरुण पन्नालाल के घर का घेराव किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर जताई आपत्ति
भाजपा नेताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया पर हंसराज गोयल की ओर से आराध्य देवताओं को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट किया गया। भाजपा नेताओं के मुताबिक, इसी पोस्ट पर अरुण पन्नालाल ने भी कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।
भाजपा प्रवक्ता अमित चिमननी ने कहा कि फिलहाल सावन का पवित्र महीना चल रहा है और ऐसे समय में आराध्य देवताओं को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि टिप्पणी की गंभीरता को देखते हुए भाजपा नेता रात में ही सिविल लाइन थाने पहुंचे।
पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग
भाजपा नेताओं ने पुलिस से सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट और उस पर की गई टिप्पणियों की जांच करने की मांग की है। साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग की गई है।
मामले को लेकर बजरंग दल के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर सामने आए पोस्ट व टिप्पणियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
