विधायक ने कहा- किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदेगी सरकार, प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्र भी शुरू होंगे
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर 2026 से धान खरीदी शुरू होने जा रही है। विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की खुशहाली और आर्थिक मजबूती के लिए काम कर रही है। इस खरीदी अभियान के तहत किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जाएगा।
विधायक मिश्रा ने कहा कि किसानों के परिश्रम और योगदान को सम्मान देते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू होंगे
पुरन्दर मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए पहले की तुलना में ज्यादा सुविधा मिलेगी और खरीदी केंद्रों तक पहुंचने में होने वाली परेशानियां कम होंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि एग्रीस्टैक आईडी वाले पिछले वर्ष पंजीकृत किसानों को धान बेचने की सुविधा मिलेगी।
किसान हितों को प्राथमिकता देने का दावा
विधायक मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। उनके मुताबिक, किसानों का सम्मान, उनकी समृद्धि और गांवों का विकास ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। सरकार किसानों के विश्वास पर खरा उतरने और उनके बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है।
