रायपुर। बेमेतरा जिले के नांदघाट से मुंगेली जिला मुख्यालय तक जाने वाली सड़क अब टू-लेन के बजाय फोरलेन बनाई जाएगी। राज्य शासन ने इसके लिए 21 करोड़ 81 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि मंजूर की है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राशि स्वीकृति का पत्र जारी कर दिया गया है।
दरअसल, राज्य शासन ने वर्ष 2024 में सीआरआईएफ योजना के तहत नांदघाट-मुंगेली मार्ग को टू-लेन बनाने के लिए 116 करोड़ रुपए स्वीकृत किए थे। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सड़क को फोरलेन में अपग्रेड करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए थे।
36.40 किमी सड़क पर खर्च होंगे 137.81 करोड़
टू-लेन को फोरलेन में बदलने के लिए अब 21.81 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है। पहले मंजूर 116 करोड़ रुपए और नई स्वीकृति को मिलाकर इस परियोजना की कुल लागत 137 करोड़ 81 लाख रुपए हो गई है।
इस राशि से नांदघाट से मुंगेली के बीच करीब 36.40 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन के रूप में विकसित किया जाएगा।
रायपुर से मुंगेली और आसपास के क्षेत्रों का सफर होगा आसान
नांदघाट-मुंगेली मार्ग के फोरलेन बनने से क्षेत्र में सड़क संपर्क और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। इससे मुंगेली, लोरमी, पंडरिया सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को रायपुर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। वहीं पंडरिया के रास्ते मध्यप्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी आवागमन तेज और सुगम हो सकेगा।
क्षेत्रवासियों की ओर से इस सड़क को फोरलेन बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अतिरिक्त राशि की मंजूरी मिलने के बाद इसे क्षेत्र की महत्वपूर्ण मांग के पूरा होने के रूप में देखा जा रहा है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा नवागढ़ विधायक दयालदास बघेल ने सड़क को फोरलेन के रूप में मंजूरी मिलने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताया और क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
