अनिश्चितकालीन ‘स्टेयरिंग छोड़ अभियान’ का किया समर्थन, केंद्र और राज्य सरकार से ड्राइवरों के लिए सुरक्षा कानून और सामाजिक सुरक्षा की मांग
रायपुर। छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के अनिश्चितकालीन ‘स्टेयरिंग छोड़ अभियान’ को राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज ने समर्थन दिया है। महासमाज ने 12 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान को जायज बताते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाले लाखों वाहन चालकों के अधिकार, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकारों को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज के संस्थापक अधिवक्ता भगवानू नायक ने कहा कि ड्राइवर दिन-रात मेहनत कर माल और यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाते हैं। परिवहन व्यवस्था के साथ व्यापार, उद्योग और आम जनजीवन भी काफी हद तक उन्हीं पर निर्भर है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में वाहन चालकों को दुर्घटना, बीमारी और वृद्धावस्था के समय पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा नहीं मिल पाती। उनके परिवारों के भविष्य की सुरक्षा के लिए भी ठोस व्यवस्था की जरूरत है।
15 सूत्रीय मांगों को बताया जायज
महासमाज के राष्ट्रीय प्रभारी बनमली छुरा ने कहा कि ड्राइवर महासंगठन की 15 सूत्रीय मांगें न्यायसंगत हैं। इनमें राष्ट्रीय ड्राइवर सुरक्षा कानून, राष्ट्रीय ड्राइवर आयोग, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड, अनिवार्य बीमा, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं, सम्मानजनक वेतन और काम के निर्धारित घंटे जैसी मांगें शामिल हैं। इसके अलावा ड्राइवरों के बच्चों की शिक्षा और उनके परिवारों की सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।
महासमाज के युवा संगठन प्रभारी आशीष तांडी ने कहा कि ड्राइवर केवल वाहन चलाने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का सारथी है। अपने श्रम से देश की परिवहन व्यवस्था को चलाने वाले चालकों के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और खुशहाली सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उनकी जायज मांगों को नजरअंदाज करना उनके साथ अन्याय होगा।
सरकार से वार्ता और कानून बनाने की मांग
राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज ने केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार से ड्राइवर महासंगठन की 15 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपील की है। महासमाज ने कहा कि संगठन के प्रतिनिधियों से बातचीत कर ड्राइवरों के हित में प्रभावी कानून बनाया जाना चाहिए, ताकि उन्हें सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
महासमाज का कहना है कि ड्राइवरों के अधिकारों की लड़ाई केवल एक पेशे से जुड़े लोगों का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह श्रमिक सम्मान और सामाजिक न्याय से जुड़ा विषय है। संगठन ने ड्राइवर महासंगठन के संघर्ष को न्याय मिलने तक नैतिक और संगठनात्मक समर्थन देने की बात कही है।
