मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों खिलाड़ियों को किया सम्मानित, तोमन को 51 लाख और अभिजीत को 31 लाख रुपए देने की घोषणा
रायपुर। एशियन पैरा गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले दो खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सम्मानित किया। पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले तोमन कुमार को 51 लाख रुपए और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल करने वाले अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को शॉल और बस्तर कला का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा की उपलब्धियां सिर्फ खेल पदक तक सीमित नहीं हैं। दोनों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। उनका संघर्ष प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है।
नक्सली हमले में गंवाया पैर, फिर भी नहीं छोड़ा हौसला
बालोद जिले के नवागांव निवासी तोमन कुमार पहले सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में जवान के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा।
इस हादसे के बाद भी तोमन ने हार नहीं मानी। वर्ष 2023 में उन्होंने पैरा तीरंदाजी का अभ्यास शुरू किया। लगातार मेहनत और अनुशासन के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया।
मुख्यमंत्री साय ने तोमन के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सेवा देने के बाद उन्होंने खेल के मैदान में भी अपनी इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। नक्सली हमले में उनका पैर जरूर चला गया, लेकिन देश के लिए कुछ कर दिखाने का जज्बा कायम रहा।
बचपन से क्लब फुट की चुनौती, पैरा बैडमिंटन में जीता कांस्य
बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने खेल को अपना लक्ष्य बनाया और पैरा बैडमिंटन में लगातार अभ्यास के जरिए अपनी पहचान बनाई। एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की।
मुख्यमंत्री ने अभिजीत की उपलब्धि को कठिन परिस्थितियों से आगे बढ़ने की मिसाल बताया। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के परिवारों को भी बधाई दी और कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में परिवार का विश्वास और सहयोग अहम भूमिका निभाता है।
पैरा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में सहयोग करेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है। राज्य सरकार पैरा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर भी ध्यान दे रही है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए हरसंभव सहयोग देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत तीन लाख रुपए तक की टीए-डीए सहायता दी जाती है।
अरुण साव ने भी दी बधाई
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का माहौल बना है। इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो और दोनों खिलाड़ियों के परिवारजन उपस्थित थे।

