रायपुर। कलिंगा विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थी, शिक्षक और कर्मचारी एकत्रित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे मुख्य अतिथि मेजर प्रवीण सिंह द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत ‘वंदेमातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ से पूरा परिसर गूंज उठा।
समारोह में कुलपति डॉ. आर. श्रीधर, कुलानुशासक डॉ. ए. विजयानंद, छात्र कल्याण अधिष्ठाता लेफ्टिनेंट विभा चंद्राकर, स्पोर्ट्स डायरेक्टर डॉ. डी. कालीदास, कॉमर्स एंड मैनेजमेंट संकायाध्यक्ष डॉ. श्रीकृष्णा ढाले, यंग इंडियंस समन्वयक डॉ. योगेश वैष्णव, एनएसएस समन्वयक डॉ. हर्षा शर्मा, एनसीसी सह-समन्वयक आयुषी कचनवार, डिप्टी डीएसडब्ल्यू शुभम प्रमोद और असिस्टेंट डीएसडब्ल्यू रिषीका गोयल सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर डॉ. ए. राजशेखर ने किया।
सेमिनार हॉल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद सुभाश्री सरकार ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की।
कुलपति डॉ. आर. श्रीधर ने अपने संबोधन में भारत के स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के इतिहास से सीख लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि मेजर प्रवीण सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से देश की प्रगति में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा को राष्ट्र के भविष्य को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के मूल्यों को बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में पुण्यतोया महताम, मनु कुमार, हर्ष राय और दीपन धार ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। वहीं स्नेहा और काजल ने नृत्य की प्रस्तुति दी। पूर्व छात्र मसूद अहमद और छात्रा असना जबी ने अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में कुलानुशासक डॉ. ए. विजय आनंद ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के बाद प्रतिभागियों को स्वल्पाहार और मिठाइयां वितरित की गईं।
कलिंगा विश्वविद्यालय ने कहा कि विद्यार्थियों में राष्ट्रीय गौरव, जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना की भावना विकसित करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वतंत्रता दिवस समारोह इसी दिशा में विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
