रायपुर। सौ. कुसुमताई दाबके स्मृति पाठशाला, रायपुर में स्वतंत्रता दिवस का पर्व अत्यंत गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष शेखर रावसाहेब अमीन ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को नमन किया तथा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में अमीन ने कहा कि देश की आजादी को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करना भी सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा प्राप्त कर अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि देश को स्वतंत्र कराने के लिए महापुरुषों, क्रांतिकारियों, सैनिकों एवं देशभक्तों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। अब इस स्वतंत्रता को सुरक्षित रखना तथा भारत को एक उन्नत एवं सशक्त राष्ट्र बनाकर विश्वगुरु के रूप में स्थापित करना हम सभी और विशेष रूप से आने वाली पीढ़ी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को आदर्श नागरिक एवं आदर्श व्यक्ति बनने का संदेश दिया।
समारोह में उपस्थित शाला प्रबंध समिति के सचिव प्रदीप गोविंद शितूत ने अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम एवं देश के इतिहास की महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के लिए प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता आयोजित की।
प्रतियोगिता में सारा नाज (कक्षा 5वीं), कुलसुम फारुकी (कक्षा 9वीं) एवं आलिया (कक्षा 8वीं) ने प्रश्नों के सही उत्तर देकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को आगामी 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में कक्षा तीसरी की छात्रा कुमकुम ने कविता प्रस्तुत की, जबकि कक्षा पाँचवीं की छात्रा कु. दिव्या निषाद ने भाषण के माध्यम से देश के प्रति अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं। पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक कक्षाओं की छात्राओं ने समूह गीत प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया। शिक्षिका मेघा झा ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत कर विद्यार्थियों में जोश एवं उत्साह का संचार किया।
इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा चौथी, पाँचवीं एवं आठवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य उषा बाघमार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत किया। प्राथमिक शाला के प्रधान अध्यापक श्री जितेंद्र सेन ने कार्यक्रम का प्रभावी एवं ओजस्वी संचालन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को मिठाई वितरित की गई। संपूर्ण कार्यक्रम देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत रहा।

