रायपुर। राजधानी रायपुर एक बार फिर देश और दुनिया के प्रतिष्ठित हृदय रोग विशेषज्ञों का केंद्र बनने जा रहा है। कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (CSI), छत्तीसगढ़ चैप्टर की ओर से 4वीं वार्षिक सेंट्रल इंडिया इंटरवेंशन कॉन्फ्रेंस (CIIC-2026) का आयोजन 4 एवं 5 जुलाई को मेफेयर रिजॉर्ट में किया जाएगा। दो दिवसीय इस वैज्ञानिक सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी की नवीनतम तकनीकों, शोध और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर अपने अनुभव साझा करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष सम्मेलन का स्वरूप पहले की तुलना में अधिक व्यापक और अंतरराष्ट्रीय होगा। मध्य भारत सहित देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 150 कार्डियोलॉजिस्ट इसमें भाग लेंगे। रत्नागिरी, शिलांग, कोलकाता, पटना, कोच्चि और चंडीगढ़ सहित देशभर के विशेषज्ञ सम्मेलन में शामिल होकर नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों पर चर्चा करेंगे।
सम्मेलन की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार अमेरिका, जापान, चेक रिपब्लिक, कनाडा और अन्य देशों के ख्यातिप्राप्त इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट इसमें भाग लेंगे। इनमें माउंट सिनाई हॉस्पिटल, न्यूयॉर्क के चेयरमैन एवं चीफ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. समीन शर्मा, वेस्ट वर्जीनिया यूनिवर्सिटी के डॉ. रमेश डग्गुबाती, डॉ. अहसान चौधरी, जापान के डॉ. ओकामोटो, चेक रिपब्लिक के डॉ. ओटा हिनोमाज़ तथा कनाडा के डॉ. संजोग कालरा शामिल हैं। सभी विशेषज्ञ अपने व्याख्यानों और क्लीनिकल अनुभवों से प्रतिभागियों को नई तकनीकों से अवगत कराएंगे।
सम्मेलन में पहली बार यूनाइटेड किंगडम के लीसेस्टर से डॉ. राज राजेंद्र द्वारा TAVI (Transcatheter Aortic Valve Implantation) प्रक्रिया का लाइव केस ट्रांसमिशन भी किया जाएगा, जिससे चिकित्सकों को जटिल हृदय उपचार की आधुनिक तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट भी सम्मेलन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इनमें डॉ. ए. बी. मेहता, डॉ. एच. के. बाली, डॉ. धीमान कहाली, डॉ. संजय त्यागी, डॉ. सत्येंद्र तिवारी, डॉ. आई. बी. विजयलक्ष्मी, डॉ. टी. एस. क्लेर और डॉ. विजय त्रेहान प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान ऑर्बिटल एथेरेक्टॉमी, इंट्रावैस्कुलर इमेजिंग, जटिल कोरोनरी ब्लॉकेज के उपचार, इम्पेला डिवाइस के उपयोग सहित इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी की कई अत्याधुनिक तकनीकों पर वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर भारतीय कार्डियोलॉजी के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. ए. बी. मेहता को चिकित्सा क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए CSI छत्तीसगढ़ लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि यह सम्मेलन विशेष रूप से DM कार्डियोलॉजी फेलोज़ और युवा कार्डियोलॉजिस्ट के लिए उपयोगी साबित होगा, क्योंकि उन्हें देश-विदेश के विशेषज्ञों से सीधे सीखने और नई तकनीकों को समझने का अवसर मिलेगा।
सम्मेलन की आयोजन समिति में आयोजन सचिव डॉ. सतीश सूर्यवंशी, CSI छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. जयराम अय्यर और सचिव डॉ. मनोज गुप्ता प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। समिति में डॉ. प्रणय जैन और डॉ. निखिल मोटिरामानी भी शामिल हैं, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. खेहिल गोस्वामी करेंगे।
4 जुलाई को सम्मेलन के दौरान CSI छत्तीसगढ़ चैप्टर की नई कार्यकारिणी का पदस्थापना समारोह भी आयोजित होगा। इसमें डॉ. सतीश सूर्यवंशी चेयरमैन-इलेक्ट, डॉ. प्रणय जैन सचिव-इलेक्ट तथा डॉ. गौरव जैन कोषाध्यक्ष-इलेक्ट के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे।
CSI छत्तीसगढ़ का उद्देश्य आधुनिक इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी तकनीकों को चिकित्सकों तक पहुंचाना, वैज्ञानिक संवाद और सतत चिकित्सा शिक्षा (CME) के माध्यम से उन्हें अद्यतन रखना तथा इन तकनीकों को दैनिक चिकित्सा अभ्यास में शामिल करना है। संस्था का मानना है कि छत्तीसगढ़ में अधिकांश अत्याधुनिक हृदय उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अब दूसरे राज्यों का रुख करने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
संस्था प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी को भी बढ़ावा दे रही है और स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम तथा संतुलित आहार के माध्यम से हृदय रोगों की रोकथाम के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।
