रायपुर। कलिंगा विश्वविद्यालय और अल्ट्राटेक सीमेंट की संयुक्त पहल से विश्वविद्यालय परिसर में ‘अल्ट्राटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ का शुभारंभ किया गया। यह विश्वविद्यालय का आठवां उत्कृष्टता केंद्र है, जिसे सिविल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि यशवंत कुमार (प्रधान महालेखाकार, एजी कार्यालय) और विशिष्ट अतिथि शीतांशु शेखर (महाप्रबंधक, नाबार्ड) ने पारंपरिक दीप प्रज्वलित कर केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अल्ट्राटेक सीमेंट और कलिंगा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
उद्योग और शिक्षा के बीच मजबूत होगा समन्वय
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि यशवंत कुमार ने कहा कि यह केंद्र केवल एक नई सुविधा नहीं, बल्कि निर्माण क्षेत्र के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जो ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को गति देगा।
विशिष्ट अतिथि शीतांशु शेखर ने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विद्यार्थियों को भविष्य की औद्योगिक चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
तकनीकी दक्षता और रोजगार के नए अवसर
कार्यक्रम में कलिंगा विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी ने कहा कि यह केंद्र भविष्य की औद्योगिक जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को वैश्विक मानकों के अनुरूप तकनीकी दक्षता हासिल करने में मदद मिलेगी।
अल्ट्राटेक सीमेंट के जोनल हेड प्रतीक झा ने कहा कि कंपनी गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं रीजनल हेड रमन शर्मा ने बताया कि यह केंद्र शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी कम करने के साथ-साथ अनुसंधान और नवाचार को भी प्रोत्साहित करेगा।
कॉर्पोरेट रिलेशंस के निदेशक पंकज तिवारी ने कहा कि इस साझेदारी से विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, प्लेसमेंट और उद्योग आधारित प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिलेंगे। ऑन-कैंपस सेंटर के माध्यम से छात्र लाइव डेमो और व्यावहारिक गतिविधियों से सीख सकेंगे।
विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से विद्यार्थियों को कई उद्योगोन्मुख सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से—
- उद्योग विशेषज्ञों के प्रशिक्षण सत्र और व्याख्यान
- इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट सहायता
- लाइव प्रोजेक्ट्स और केस स्टडी
- कौशल विकास एवं प्रमाणन कार्यक्रम
- फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP)
- संयुक्त अनुसंधान, परामर्श और स्टार्टअप मेंटरशिप
- औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण
- तकनीकी फेस्ट, हैकाथॉन, कार्यशालाएं, सेमिनार और सम्मेलन
बड़ी संख्या में पहुंचे विद्यार्थी और शिक्षाविद
कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट विभा चंद्राकर ने किया, जबकि विज्ञान संकाय की सहायक प्राध्यापक अभिसस्मिता रॉय ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। समारोह के अंत में कॉर्पोरेट ट्रेनर लिप्सा दास ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर अल्ट्राटेक सीमेंट के अधिकारियों के साथ कलिंगा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. आर. श्रीधर, महानिदेशक डॉ. बायजू जॉन, प्रतिकुलपति प्रो. डॉ. मोनिका सेठी शर्मा, विभिन्न संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, विद्यार्थी तथा उद्योग जगत से जुड़े कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


