रायपुर। दीपावली पर्व पर जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने की परंपरा निभाते हुए मनोज प्रजापति सेवा मित्र समूह, रायपुर ने इस वर्ष भी सेवा कार्यों की कड़ी आगे बढ़ाई। धनतेरस के अवसर पर समूह के सदस्यों ने गुरु गोविंद सिंह वार्ड स्थित जगन्नाथ नगर बस्ती में बच्चों को फटाखे, चॉकलेट, जूस और बिस्कुट सहित अन्य खाद्य सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सामाजिक दायित्व निभाते हुए समूह द्वारा पिछले कई वर्षों से यह सेवा गतिविधि निरंतर जारी है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व अध्यक्ष CSIDC छगनलाल मुंद्रा, भाजपा रायपुर जिलामंत्री गुंजन प्रजापति, वार्ड पार्षद कैलाश बैहरा, शंकर नगर भाजपा अध्यक्ष राम प्रजापति, छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष प्रजापति, राकेश प्रजापति, अनूप वर्मा, शुभम पुराणिक, शंभु लधुवंशी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समूह के सदस्यों ने बताया कि दीपावली केवल पटाखों का त्योहार नहीं, बल्कि खुशियाँ बाँटने और मानवता का संदेश देने का पर्व है। आने वाले समय में भी सेवा कार्यों को और विस्तार दिया जाएगा।
