मुंबई। महाराष्ट्र के सोलापुर से शादी का एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। यहां दो जुड़वा बहनों ने एक ही युवक से शादी कर ली। दोनों जुड़वा बहने आईटी इंजीनियर हैं।
बताया जा रहा है कि जुड़वा बहन पिंकी और रिंकी मुंबई में काम करती हैं। दोनों बहनों ने अतुल नाम के युवक से शादी करने का फैसला किया। दोनों बचपन से एक ही घर में एक साथ रह रही हैं और दोनों आगे भी एक साथ ही रहना चाहती थीं।
तभी उनकी जिंदगी में अतुल मलशीरस की एंट्री हुई। अतुल मलशीरस तालुका का रहने वाला है और मुंबई में उसका ट्रैवल एजेंसी का व्यवसाय है। कुछ दिन पहले पिता का निधन हो गया तो लड़कियां अपनी मां के साथ तालुका आकर रहने लगीं।
दोनों ऐसे आये नजदीक
रिंकी और पिंकी की मां बीमार हो गईं तो दोनों ने उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए उन्होंने अतुल की कार का इस्तेमाल किया। इसी दौरान अतुल दोनों जुड़वां बहनों के करीब आ गया। फिर दोनों बहनों ने अतुल से शादी करने का फैसला किया। शादी के बाद तीनों इस शादी से बेहद खुश हैं।
पुलिस कर रही जांच
शुक्रवार को दोनों बहनों ने अतुल से शादी कर ली, जिसके बाद इस अनोखी शादी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, फिलहाल इस मामले की स्थानीय पुलिस भी तफ्तीश कर रही है, हालांकि इस अनोखी शादी पर परिजनों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया अब तक नहीं आई है।