देवास के कंजर गिरोह ने मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर को बनाया था निशाना, सरगना राजेश झाला और चोरी के आईफोन खपाने वाला सफान खान गिरफ्तार; 1.50 करोड़ के 125 आईफोन बरामद
रायपुर। राजधानी के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में करीब 2 करोड़ रुपये की चोरी के मामले में अंतरराज्यीय कंजर गैंग का खुलासा हुआ है। रायपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के देवास से जुड़े इस गिरोह के सरगना राजेश अजय सिंह झाला और चोरी के आईफोन खपाने वाले सफान खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से 1 करोड़ 50 लाख रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में राजेश झाला ने अपने बेटे राज झाला और साथी राजेश लोधी के साथ मिलकर चोरी की थी। दोनों अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्सट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर का शटर उठाकर चोरी की गई थी। दुकान से 173 आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड सहित करीब 2 करोड़ रुपये का सामान चोरी हुआ था। आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। स्टोर संचालक ऋषभ डागा की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज किया गया था।
47 से अधिक मामलों में नामजद है गैंग का सरगना
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार राजेश अजय सिंह झाला मध्यप्रदेश के देवास जिले के टोंककला का निवासी है। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे कंजर गिरोह का सरगना बताया है। पूछताछ में उसने अपने बेटे राज झाला और गांव के राजेश लोधी के साथ मिलकर रायपुर में एप्पल स्टोर चोरी करने की बात स्वीकार की। चोरी किए गए आईफोन इंदौर निवासी सफान खान को सौंपे गए थे, जो उन्हें खपाने का काम करता था।
25 दिन तक चली अंतरराज्यीय जांच
करोड़ों रुपये की चोरी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम काम्बले के निर्देशन में डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला, डीसीपी मध्य जोन तारकेश्वर पटेल और डीसीपी पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुरिया की निगरानी में एसीसीयू और तेलीबांधा थाना पुलिस की छह विशेष टीमें बनाई गईं।
जांच में 40 से अधिक पुलिसकर्मी लगाए गए। टीमों ने 250 किलोमीटर से अधिक के रास्ते में लगे 1,000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही 1,100 से अधिक सेल आईडी टावर और 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। पुलिस की टीमें महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में भी आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।
चोरी की बाइक से पहुंचे थे कंजर गैंग के सदस्य
पुलिस को शुरुआती सीसीटीवी फुटेज में एक दोपहिया वाहन पर तीन संदिग्ध दिखाई दिए। ये लोग रात करीब 2.37 बजे स्टोर के पास पहुंचे और आठ मिनट बाद 2.45 बजे वहां से निकल गए। फुटेज स्पष्ट नहीं होने के कारण उनकी पहचान करना मुश्किल था। टीम ने लगातार फुटेज का पीछा किया और महाराष्ट्र के मौधा तक करीब 250 किलोमीटर का रास्ता खंगाला।
मौधा में पुलिस को कुल्हान नदी के किनारे एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली। उसके इंजन और चेसिस नंबर मिटाए गए थे। जांच में पता चला कि यह बाइक 25 अक्टूबर को रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र से चोरी हुई थी। इससे पुलिस को वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन और आरोपियों के भागने के रास्ते की अहम कड़ी मिली।
रेकी के बाद वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी 25 अक्टूबर को बस से रायपुर पहुंचे थे। उन्होंने मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर की रेकी की और जोरा मॉल के पास से मोटरसाइकिल चोरी की। इसके बाद बाइक को महाराष्ट्र के साकोली के पास जंगल में छिपा दिया गया। 31 अक्टूबर को आरोपी दोबारा वहां पहुंचे और बाइक लेकर रायपुर आए। वारदात के बाद वे बाइक को मौधा के पास कुल्हान नदी पुल के नीचे छिपाकर बस से इंदौर लौट गए। स्टोर का डीवीआर भी नदी में फेंक दिया गया था।
विदेश भागने से पहले सफान खान गिरफ्तार
राजेश झाला की गिरफ्तारी के बाद उसके साथी फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, सफान खान पहले भी जयपुर के एप्पल स्टोर चोरी मामले में राजेश झाला के साथ गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस को आशंका थी कि वह विदेश भाग सकता है। उपनिरीक्षक सतीश पुरिया के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम इंदौर में उसकी तलाश कर रही थी।
लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस को सूचना मिली कि सफान खान मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मौजूद है। वरिष्ठ अधिकारियों के समन्वय से उसे विदेश जाने से पहले गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 1 करोड़ 50 लाख रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए गए। सफान खान को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
बांग्लादेश और नेपाल तक फैले नेटवर्क की आशंका
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कंजर गैंग के सदस्य देश के अन्य राज्यों में पिछले एक साल के दौरान हुई एप्पल स्टोर चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं। पुलिस को चोरी के आईफोन बांग्लादेश और नेपाल में खपाए जाने से जुड़े इनपुट भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। शेष चोरी के सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। मामले में राजेश झाला का पुत्र राज झाला और राजेश लोधी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में मध्यप्रदेश में अभियान चला रही है। प्रकरण में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं जोड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
– राजेश अजय सिंह झाला (43), निवासी टोंककला, जिला देवास, मध्यप्रदेश।
– सफान खान (35), निवासी जिला बड़वानी, मध्यप्रदेश।
फरार आरोपी
– राज झाला, निवासी टोंककला, जिला देवास, मध्यप्रदेश।
– राजेश लोधी, निवासी टोंककला, जिला देवास, मध्यप्रदेश।

