जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी-कोरबी से गुजरने वाली भारतमाला रोड पर अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ। तीनों रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान दिलहरण दास वैष्णव (62), केदार यादव (52) और संतु यादव (70) के रूप में हुई है। तीनों आपस में मित्र थे और नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक पर जाते थे। दिलहरण दास वैष्णव सेवा सहकारी समिति में ब्रांच मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जबकि केदार यादव और संतु यादव खेती-किसानी का कार्य करते थे।
बताया जा रहा है कि तीनों के शव सड़क पर करीब 5 से 10 मीटर की दूरी पर पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन और चालक की तलाश कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
