Oplus_131072
टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी में श्रीयांश शर्मा ने झटके 4 विकेट, वेडनर मेमोरियल और श्री शंकराचार्य विद्यालय भी जीते
रायपुर। टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी सीजन-6 में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में एमजीएम स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द रेडिएंट वे स्कूल को 67 रन से हरा दिया। एमजीएम की जीत में श्रीयांश शर्मा की गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 4 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एमजीएम स्कूल की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 154 रन बनाए। टीम की ओर से स्वपनिल ने 54 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अनुनय ने 30 रन बनाए। द रेडिएंट वे स्कूल की ओर से तीसर जंगेल ने 2 विकेट हासिल किए।
155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी द रेडिएंट वे स्कूल की टीम एमजीएम की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 87 रन पर ऑलआउट हो गई। आयुष श्रीवास्तव ने सबसे ज्यादा 23 रन बनाए। एमजीएम की ओर से श्रीयांश शर्मा ने 4 और नीरज ने 2 विकेट झटके। इस तरह एमजीएम स्कूल ने मुकाबला 67 रन से जीत लिया।
वेडनर मेमोरियल और श्री शंकराचार्य विद्यालय की भी जीत
मंगलवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में वेडनर मेमोरियल स्कूल महासमुंद ने लीलास पब्लिक स्कूल मोतीपुर को 115 रन से हराया। वहीं श्री शंकराचार्य विद्यालय भिलाई ने ज्ञान गंगा स्कूल रायपुर को 27 रन से पराजित किया। एक अन्य मुकाबले में आदर्श विद्यालय मोवा ने हॉली क्रॉस स्कूल कांपा को 8 विकेट से शिकस्त दी।
बुधवार को खेले जाएंगे चार मुकाबले
टूर्नामेंट में बुधवार को ज्ञान गंगा स्कूल रायपुर का मुकाबला सालेम इंग्लिश स्कूल रायपुर से होगा। दूसरे मैच में मॉडल इंग्लिश स्कूल रायपुर और द रेडिएंट वे स्कूल रायपुर आमने-सामने होंगे। तीसरे मुकाबले में सिवांस इंटरनेशनल स्कूल की भिड़ंत दावरा इंटरनेशनल स्कूल, अभनपुर से होगी। वहीं चौथे मैच में स्प्रिंग डेल्स स्कूल कुम्हारी और हेरिटेज स्कूल भिलाई के बीच मुकाबला खेला जाएगा।



