रायपुर में 350 से अधिक रोटेरियंस और उनके परिजनों ने लिया हिस्सा, 341 लोगों ने स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया
रायपुर। पोलियो को पूरी तरह खत्म करने के संदेश के साथ रायपुर में रोटरी की जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें शहर के विभिन्न रोटरी क्लबों के सदस्यों के साथ रोटरैक्ट और इंटरैक्ट के करीब 350 सदस्य और उनके परिजन शामिल हुए। तेलीबांधा मरीन ड्राइव से शुरू हुई रैली कलेक्ट्रेट के पास ऑक्सीजोन गार्डन पहुंची। यहां रक्तदान शिविर में 57 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि 341 लोगों ने स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया। शिविर में गार्डन पहुंचे आम नागरिकों ने भी स्वास्थ्य जांच कराई।
रैली के दौरान रोटेरियंस ने नारे लगाकर लोगों को पोलियो से बचाव और बच्चों के नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूक किया। “कदम बढ़ाओ, जोश जगाओ, हर बच्चे को ड्रॉप पिलाओ” और “रोटरी की है यही पुकार, पोलियो पर अंतिम वार” जैसे नारों के जरिए लोगों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की गई।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के पल्स पोलियो चेयरमैन भरत डागा ने बताया कि रोटरी ने 1979 में फिलीपींस में बच्चों को पोलियो वैक्सीन पिलाने के साथ इस दिशा में काम शुरू किया था। इसके बाद 1988 में वैश्विक स्तर पर पोलियो उन्मूलन के प्रयासों को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि पोलियो को पूरी दुनिया से खत्म करने के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए रोटरी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने रोटरी और बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के बीच सहयोग का भी उल्लेख किया।
सहायक प्रांतपाल डॉ. प्रदीप गोविंद शितूत ने कहा कि टीका उपलब्ध कराना ही इस अभियान का एकमात्र खर्च नहीं है, बल्कि उसे जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाना भी बड़ी चुनौती है। इसके लिए आम लोगों और सामाजिक संस्थाओं को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के सचिव अजय अग्रवाल ने कहा कि भारत को 2014 में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पोलियो मुक्त घोषित किया था। इसके बावजूद वैश्विक स्तर पर पोलियो उन्मूलन के प्रयास जारी रखना जरूरी है, क्योंकि पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अब भी इस बीमारी का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि जब तक दुनिया से पोलियो पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता, तब तक अभियान जारी रहना चाहिए।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 की छत्तीसगढ़ सचिव शैली छुगानी ने कहा कि पोलियो एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जो मुख्य रूप से छोटे बच्चों को प्रभावित करती है। गंभीर मामलों में यह स्थायी लकवे का कारण बन सकती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित समय पर पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं और इस अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
सिटी को-ऑर्डिनेटर धरम अग्रवाल ने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान नहीं होता तो आज भी बड़ी संख्या में बच्चे इस बीमारी की चपेट में आ सकते थे। उन्होंने रैली में शामिल पोलियो प्रभावित एक व्यक्ति की पीड़ा का उल्लेख करते हुए कहा कि जागरूकता और समय पर टीकाकरण बच्चों को जीवनभर की दिव्यांगता से बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
रायपुर के पब्लिक इमेज चेयर सोम अग्रवाल ने अभियान के प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि पोलियो से प्रभावित लोगों की परेशानी को समझते हुए समाज को जागरूकता, समय पर टीकाकरण और सामूहिक प्रयासों पर जोर देना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को इस बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
रोटरैक्ट डिस्ट्रिक्ट चेयर उत्तम गर्ग और इंटरैक्ट को-चेयर रॉकी छुगानी के मार्गदर्शन में युवाओं ने भी रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान रोटरी क्लब अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, प्रियंका गुप्ता, आकाश लूनिया, राजकुमार तनवानी, नितेश बंसल, संतोष श्रीवास्तव, संजय करकरे, मनीष अग्रवाल, शीतल गोयल और सौरभ सोनी सहित विभिन्न क्लबों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
