बालक वर्ग के फाइनल में KV-2 ने SAGES भिलाई को हराया, बालिका वर्ग में शिवम विद्यापीठ ने मारी बाजी
रायपुर। दो दिवसीय इंटर स्कूल वॉलीबॉल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। प्रतियोगिता में कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग के फाइनल में KV-2 ने कड़े मुकाबले में SAGES भिलाई को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, बालिका वर्ग के फाइनल में शिवम विद्यापीठ ने SAI पब्लिक स्कूल को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
बालक वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में SAGES भिलाई ने माधो राव सप्रे स्कूल को 25-22 और 25-19 से हराकर 2-0 से जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल में KV-2 और खमारिया के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें KV-2 ने 25-16, 20-25 और 16-14 के स्कोर के साथ 2-1 से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।
तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में खमारिया ने माधो राव सप्रे स्कूल को 25-21 और 25-17 से हराकर 2-0 से जीत दर्ज की। फाइनल में KV-2 और SAGES भिलाई के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई। KV-2 ने पहला सेट 25-23 से जीता, जबकि दूसरे सेट में SAGES भिलाई ने 26-24 से वापसी की। निर्णायक तीसरे सेट में KV-2 ने 18-16 से जीत दर्ज कर मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया।
टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली टीमों में खमारिया, विद्यापीठ, SAGES भिलाई, KV-1, KV-2, माधो राव सप्रे, बी.पी. पुजारी और श्री शार्याचार्यन शामिल रहीं।
प्रतियोगिता में महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबॉल संघ के उपाध्यक्ष मोहम्मद अकरम खान, पल्लवी पांडे, रायपुर सिटी स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष एवं MIC मेंबर मनोज वर्मा, राज बहादुर सिंह, राजेश सोमवंशी, जनक राम यादव, इरफान हयात, डी.डी. चौधरी, संतोष सिंह और जितेंद्र सिंह अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान कई राष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
टूर्नामेंट के ऑफिशियल के रूप में अनुराग सिंह, हिमांशु गौतम, पंकज सोनी, रमन नायक, रोहन नायक, प्रियेश बागी और पीयूष साहू ने जिम्मेदारी निभाई। प्रतियोगिता की जानकारी जनक राम यादव ने दी।


