Oplus_131072
रायपुर। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में चल रही पदयात्रा के चौथे दिन शारदा चौक से अभियान की शुरुआत हुई। पदयात्रा के दौरान महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया और बाजारों, दुकानों तथा बस्तियों में पहुंचकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों से संवाद किया गया।
पदयात्रा की शुरुआत शारदा चौक स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद टीम तात्यापारा चौक पहुंची, जहां खूबचंद बघेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए। नवीन मार्केट से होते हुए पदयात्रा छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा तक पहुंची, जहां भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पदयात्रा के दौरान विधायक पुरन्दर मिश्रा ने सड़क किनारे फल्ली का ठेला लगाने वाले दुकानदार से बातचीत की और सरकार की योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई।
इसके बाद आरोग्य अमृतुल्य चाय दुकान पर रुककर विधायक ने तात्यापारा वार्ड निवासी ईश्वर चंद्र शर्मा से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। स्थानीय लोगों से क्षेत्र की स्थिति और जरूरतों को लेकर भी बातचीत की गई।
पदयात्रा विनोद हलवाई होटल, राजेंद्र गल्ला भंडार, जय बाबा ट्रेडर्स और अन्य किराना दुकानों तक पहुंची। यहां विधायक ने दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर वार्ड की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली। साथ ही लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया।
अभियान के दौरान नशामुक्ति का संदेश भी दिया गया। विधायक पुरन्दर मिश्रा ने लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाकर शिक्षा, रोजगार, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।
पदयात्रा रामसागर पारा होते हुए राठौर चौक पहुंची, जहां हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद राठौर चौक के पास स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। गुरुनानक चौक पर पुष्पांजलि के बाद शासकीय निवेदिता अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में चौथे दिन की पदयात्रा का समापन हुआ।
आयोजकों के अनुसार, पदयात्रा का उद्देश्य नशामुक्ति और जनजागरण के साथ लोगों से सीधे संवाद करना, उनकी समस्याओं को सुनना और पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प से जोड़ा गया है।
पदयात्रा में लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी अशोक बजाज, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अकबर अली, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक पांडे, वरिष्ठ भाजपा नेता ओंकार बैस सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजयुमो पदाधिकारी, दुर्गा महाविद्यालय के शिक्षक-छात्र और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
