अंबिकापुर/सूरजपुर। (ASKCG) मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर क्रेडा सीईओ राजेश सिंह राणा ने 23 जुलाई को सरगुजा संभाग के अंबिकापुर और सूरजपुर जिलों में विभिन्न सौर ऊर्जा परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना और ग्रामीण विद्युतीकरण परियोजनाओं के तहत स्थापित सोलर संयंत्रों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सूरजपुर के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में बैटरियों की खराबी की शिकायत मिलने पर श्री राणा ने तत्काल नई बैटरियों की स्वीकृति प्रदान की और 15 दिनों में संयंत्र को पुनः चालू करने के निर्देश दिए।
श्री राणा ने दिन की शुरुआत अंबिकापुर के ग्राम सितकालो से की, जहां 8 किलोवॉट के ऑफ-ग्रिड सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। संयंत्र के माध्यम से ग्रामीणों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल रही है। ग्रामीणों ने क्रेडा की प्रशंसा करते हुए अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि निरीक्षण के दौरान श्री राणा की तबीयत खराब हो गई थी, बावजूद इसके उन्होंने सरकारी अस्पताल से इलाज लेकर मात्र आधे घंटे विश्राम के बाद पुनः निरीक्षण कार्य शुरू किया। यह समर्पण क्रेडा के कर्मचारियों के लिए प्रेरणा है।
इसके बाद उन्होंने सितकालो (खर्रापारा) में आरबीपी कंपनी द्वारा स्थापित प्लांट का निरीक्षण किया जो बंद पाया गया। श्री राणा ने तत्काल संयंत्र को चालू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। सभी कमियों की जानकारी तीन दिन में मुख्यालय भेजने के निर्देश भी दिए गए।
उदयपुर ब्लॉक के उसी क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर पेयजल संयंत्र में लीकेज की शिकायत पर उन्होंने तत्काल सुधार कार्य के निर्देश दिए।
श्री राणा ने सूरजपुर जिले के ओडगी ब्लॉक के महारशॉप, करौटी (इमलीपारा), करौटी (गुल्लादनपारा) और कोलहुआ (खसपारा-02) में क्रमशः 4 किलोवॉट और 10 किलोवॉट के सोलर संयंत्रों का निरीक्षण किया। सभी संयंत्रों से ग्रामीणों को रात्रिकालीन बिजली आपूर्ति मिल रही है। ग्रामीणों ने इस कार्य के लिए क्रेडा को धन्यवाद दिया।
निरीक्षण के अंत में श्री राणा ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सोलर परियोजनाओं को तय मानकों व गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए और स्थल निरीक्षण की प्रक्रिया लगातार जारी रहे।
