Oplus_131072
रायपुर। भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सामाजिक एवं साहित्यिक संस्था “वक्ता मंच” द्वारा सोमवार को ‘पक्षी मित्र अभियान’ की शुरुआत की गई। अभियान के तहत नगर निगम मुख्यालय व्हाइट हाउस के सामने आम नागरिकों को निःशुल्क सकोरे वितरित किए गए और उनसे अपने घरों की छतों व मुंडेरों पर पक्षियों के लिए पानी और दाना रखने की अपील की गई।
वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने बताया कि संस्था पिछले 10 वर्षों से लगातार गर्मी के मौसम में यह जनसेवा अभियान चला रही है। इस वर्ष अभियान के प्रथम चरण में 100 से अधिक सकोरे वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर भी सकोरा वितरण अभियान जारी रहेगा।
कार्यक्रम में लोक भवन के उप सचिव डॉ. रूपेंद्र कवि ने कहा कि भीषण गर्मी के दौर में पक्षियों के लिए जल और भोजन की व्यवस्था करना पुण्य का कार्य है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने और मूक प्राणियों की सेवा में सहभागी बनने का आह्वान किया।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. पी.के. तिवारी ने वक्ता मंच की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान न केवल पक्षियों को राहत पहुंचाएगा, बल्कि समाज में पर्यावरण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता भी बढ़ाएगा। वहीं एयरटेल के उप महाप्रबंधक यतीश श्रीवास्तव ने पक्षियों की घटती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इनके संरक्षण की जिम्मेदारी समाज के हर व्यक्ति की है।
साहित्यकार डॉ. गोपा शर्मा ने सकोरा वितरण अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू, चेतन भारती, राजेंद्र रायपुरी, दुर्गेश साहू, डॉ. भारती अग्रवाल, अतल ओम शुक्ला, अंकुर शुक्ला, डॉ. इंद्रदेव यदु, प्रभात यदु, शिवानी मैत्रा, कमल सूर्यवंशी, हेमलाल पटेल, दुष्यंत साहू, चंद्रशेखर साहू, विमल किशोर, अजीत श्रीवास्तव, दीपा यादव, धानी कवि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था आगे भी पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े ऐसे अभियान निरंतर चलाती रहेगी।
