रायपुर। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में चल रही नशामुक्ति जनजागरण पदयात्रा मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रही। गुरुनानक चौक से शुरू हुई पदयात्रा मौदहापारा होते हुए गुरुगोबिंद सिंह चौक तक पहुंची। इस दौरान विधायक ने स्थानीय नागरिकों और राहगीरों से संवाद कर नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
पदयात्रा की शुरुआत गुरुनानक चौक से हुई। यहां से कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ पदयात्रा मौदहापारा की ओर बढ़ी। रास्ते में विधायक पुरन्दर मिश्रा ने लोगों से मुलाकात की और नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर अभियान का संदेश साझा किया।
मौदहापारा पहुंचने पर मुस्लिम समाज के लोगों ने विधायक पुरन्दर मिश्रा का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा रायपुर जिला के जिला महामंत्री इमरान अशरफी सहित समाज के कई लोग मौजूद रहे।
पदयात्रा के दौरान पुरन्दर मिश्रा ने राहगीरों और स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए लोगों से पूछा कि उन्हें इन योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। क्षेत्र की जरूरतों और स्थानीय समस्याओं की जानकारी भी ली गई।
इस दौरान विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि नशामुक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प है। युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें शिक्षा, रोजगार, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पदयात्रा मौदहापारा से आगे बढ़कर गुरुगोबिंद सिंह चौक, फाफाडीह पहुंची। यहां महापुरुष की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके साथ ही पांचवें दिन की पदयात्रा का समापन हुआ।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष अकबर अली, जिला महामंत्री गुंजन प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक पांडे, एमआईसी सदस्य अवतार सिंह बागल, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गंडेचा सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
