रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जबकि कुछ इलाकों में हल्की बौछारें पड़ीं। इस बीच राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान पिछले दो दिनों में 26 से बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम है। हालांकि, अगले सात दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
लोरमी में 14 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान लोरमी में सबसे अधिक 14 सेमी बारिश दर्ज की गई। जनकपुर-भरतपुर और कुकदूर में 13-13 सेमी बारिश हुई।
तखतपुर और लालपुर थाना में 8-8 सेमी, कोटाडोल में 7 सेमी तथा रतनपुर और पेंड्रा रोड में 6-6 सेमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश हुई।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 21 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
जगदलपुर में 30.7 डिग्री तापमान
गुरुवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और रायपुर में 30 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।
अगले सात दिन बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले सात दिनों तक कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके चलते आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में बदलाव बने रहने की संभावना है।
