रायपुर। श्री नारायणा हॉस्पिटल अपनी 15वीं वर्षगांठ के अवसर पर जरूरतमंद मरीजों के लिए तीन दिवसीय मेगा स्पाइन एवं ऑर्थोपेडिक सर्जरी कैंप-2.0 का आयोजन करने जा रहा है। यह विशेष स्वास्थ्य शिविर 7, 8 और 9 अगस्त को आयोजित होगा, जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर और बीपीएल वर्ग के चयनित 50 गंभीर मरीजों की स्पाइन एवं ऑर्थोपेडिक सर्जरी पूरी तरह निशुल्क की जाएगी।
शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सुनील खेमका ने बताया कि यह पहल उन मरीजों के लिए शुरू की गई है, जो आर्थिक अभाव के कारण रीढ़ की हड्डी और जोड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारियों का उपचार नहीं करा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा” के संकल्प के साथ अस्पताल समाज के जरूरतमंद वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. खेमका ने बताया कि श्री नारायणा हॉस्पिटल छत्तीसगढ़ का पहला अस्पताल है, जहां रोबोटिक नी रिप्लेसमेंट और रोबोटिक स्पाइन सर्जरी की सुविधा उपलब्ध है। अस्पताल की विशेषज्ञ टीम अब तक 2,000 से अधिक रोबोटिक नी रिप्लेसमेंट और 300 से ज्यादा रोबोटिक स्पाइन सर्जरी सफलतापूर्वक कर चुकी है।
मेगा कैंप के दौरान डिस्क प्रोलैप्स, कैनाल स्टेनोसिस, स्कोलियोसिस, काइफोसिस, हिप एवं नी जॉइंट रिप्लेसमेंट, जटिल और पुराने फ्रैक्चर, प्लास्टिक एवं रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी तथा पेन मैनेजमेंट से संबंधित चयनित मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।
इसके अलावा अस्पताल परिसर में विशेष रैपिड रिलीफ सेंटर भी संचालित किया जाएगा, जहां मरीजों को मुफ्त फिजियोथेरेपी, स्वस्थ जीवनशैली, सही पोश्चर, हेल्दी स्पाइन और जोड़ों की देखभाल से संबंधित विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।
कैंप में मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और अहमदाबाद के वरिष्ठ स्पाइन एवं ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे। प्रमुख विशेषज्ञों में मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल एवं लीलावती हॉस्पिटल से जुड़े डॉ. विशाल कुंदनानी शामिल रहेंगे। वहीं श्री नारायणा हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम में डॉ. सुनीत खेमका, डॉ. प्रीतम अग्रवाल, डॉ. प्रदीप पटेल, डॉ. अम्बरीश वर्मा, डॉ. राम खेमका, डॉ. मनेंद्र भूषण, डॉ. संदेश अग्रवाल, डॉ. रुपेश वर्मा, डॉ. नीरज पांडे और डॉ. पंकज ओमर भी मरीजों का उपचार करेंगे।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, कैंप के लिए मरीजों का चयन 4 जुलाई से शुरू होने वाले निशुल्क स्क्रीनिंग अभियान के माध्यम से किया जाएगा। यह अभियान एक माह तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक मरीजों की ओपीडी जांच और विशेषज्ञ परामर्श पूरी तरह मुफ्त रहेगा।
मुफ्त सर्जरी का लाभ लेने के इच्छुक मरीज 9300373737 पर संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकते हैं। अस्पताल प्रबंधन ने प्रदेशभर के जरूरतमंद मरीजों से इस विशेष स्वास्थ्य अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।
