रायपुर। लोक संस्कृति शोध संस्थान, उत्तर प्रदेश द्वारा वर्ष 2022 के वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा की गई है। लोककथाओं के अनुशीलन, संकलन और शोध में विशिष्ट योगदान के लिए रायपुर की डॉ. मृणालिका ओझा को “प्रभा श्रीवास्तव स्मृति लोककथा सम्मान” प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए कुल 11 विभूतियों को भी उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 27 से 29 दिसंबर तक आयोजित तीन दिवसीय लोक विमर्श- 2022 के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
संस्थान की सचिव सुधा द्विवेदी और एस के गोपाल से प्राप्त जानकारी के आधार पर राजेन्द्र ओझा ने बताया कि लोक साहित्य, कला और संस्कृति के संरक्षण-संवर्द्धन की दिशा में कार्य कर रहे लोगों को प्रोत्साहन प्रदान करने की दृष्टि से प्रति वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए 11 विभूतियों को सम्मानित किया जाता है। लोक संस्कृति के जीवित व्यक्तित्व के कार्यों को आगे बढ़ाने में बढ़ चढ़कर योगदान देने वालों को ध्वजवाहक सम्मान भी दिया जाएगा। समारोह के एक विशेष सत्र को पद्मश्री बसंती देवी भी संबोधित करेंगी।