क्रेडा की मासिक समीक्षा बैठक में राज्य में ऊर्जा स्वावलंबन और पारदर्शिता को लेकर उठाए जा रहे सख्त कदम
रायपुर। छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास प्राधिकरण (क्रेडा) के सभागार में क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश सिंह राणा की अध्यक्षता में मासिक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्यभर के जोनल एवं जिला कार्यालयों के अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में क्रेडा द्वारा संचालित जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना, सोलर हाई मास्ट, सोलर पावर प्लांट सहित अन्य परियोजनाओं की प्रगति, प्रभावशीलता और कार्यशीलता की बिंदुवार समीक्षा की गई। अध्यक्ष और सीईओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली सुनिश्चित की जाए।
जल जीवन मिशन पर विशेष चर्चा
बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित सोलर संयंत्रों की ग्राउंड रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। संयंत्रों की कार्यशीलता, मरम्मत प्रक्रिया, सामग्रियों की उपलब्धता और वारंटी स्थिति की गहन समीक्षा की गई। सीईओ श्री राणा ने सख्त लहजे में कहा कि “जनता को निर्बाध पेयजल आपूर्ति हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। संयंत्रों की कार्यशीलता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
निर्देश दिए गए कि यदि एजेंसी वारंटी अवधि में मरम्मत नहीं करती है तो सुरक्षा निधि से तत्काल मरम्मत कराई जाए, वहीं वारंटी समाप्त होने पर जिला प्रशासन से समन्वय कर फंड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सौर सुजला योजना फेस-9 के लक्ष्य पर फोकस
बैठक में सौर सुजला योजना फेस-9 की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलावार लक्ष्य की पूर्ति हेतु अधिकारियों से चर्चा कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली गई और समाधान के लिए मुख्यालय स्तर से जरूरी निर्देश जारी किए गए। शेष लक्ष्य को तय समयसीमा में पूर्ण करने हेतु सख्त निर्देश भी दिए गए।
सोलर पावर प्लांट्स व अन्य परियोजनाओं की समीक्षा
सोलर पावर प्लांट स्थापना हेतु चल रहे कार्यों की भी समीक्षा हुई। निर्देश दिए गए कि शासन के विभागों एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर संयंत्र स्थापना हेतु आवश्यक सर्वे एवं बजट प्रस्ताव तैयार किए जाएं। हितग्राही संस्थाओं से स्वीकृति एवं संसाधन उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
नवाचार और सोलर सिटी पर विशेष जोर
अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने जानकारी दी कि नवा रायपुर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने के प्रयासों के तहत अटल नगर विकास प्राधिकरण से सहमति प्राप्त हो चुकी है। साथ ही राज्य के स्वास्थ्य केंद्रों, आश्रमों व छात्रावासों में सौर ऊर्जा से विद्युत आपूर्ति के प्रस्ताव राज्य एवं केंद्र सरकार को भेजे जा चुके हैं। भारत सरकार स्तर पर भी विशेष प्रयास जारी हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसी तर्ज पर प्रत्येक अधिकारी अपने जिले में नवाचार करते हुए अधिक से अधिक सौर संयंत्र स्थापित करने हेतु प्रयास करें।
सेवा, संचालन और जनविश्वास की स्थापना
सीईओ श्री राणा ने स्पष्ट कहा, “क्रेडा केवल संयंत्र लगाने वाली एजेंसी नहीं, बल्कि उसका सुचारू संचालन और रखरखाव हमारी जवाबदेही है। हमारा लक्ष्य इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं, सेवा की निरंतरता और जनविश्वास की स्थापना है।”
इस समीक्षा बैठक ने न केवल योजनाओं की वर्तमान स्थिति को स्पष्ट किया, बल्कि प्रशासनिक सजगता और प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। क्रेडा राज्य को ऊर्जा स्वावलंबन की दिशा में लगातार आगे ले जाने हेतु कृतसंकल्पित है — जहाँ हर गांव, हर घर तक साफ, सुलभ और टिकाऊ ऊर्जा पहुंचाना लक्ष्य है।
