कांकेर के ग्राम-झिपाटोला (चिनौरी), माकड़ी, अर्जूनी और कोंडागांव के ग्राम-भण्डारसिवनी, पिपरा, पतोड़ा के ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
रायपुर। (ASKCG) राज्य और केंद्र सरकार की सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं का लाभ छत्तीसगढ़ के नागरिकों को देने का काम राज्य की नोडल एजेंसी क्रेडा (CREDA) द्वारा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप कार्यों में गुणवत्ता और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को सख्ती से लागू किया जा रहा है। इस दिशा में क्रेडा के सीईओ राजेश सिंह राणा सुशासन तिहार के अंतर्गत स्वयं फील्ड में जाकर निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही न हो।
इसी क्रम में 14 मई को क्रेडा सीईओ राजेश सिंह राणा ने बस्तर संभाग के कांकेर और कोण्डागांव जिलों के कई गांवों में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लगे सोलर संयंत्रों का औचक निरीक्षण किया।
कांकेर जिले का निरीक्षण-
सबसे पहले, विकासखंड चारामा के ग्राम झिपाटोला (चिनौरी) में जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगाए गए सोलर ड्यूल पंप का निरीक्षण किया गया। ग्रामीण दुर्गा यादव, कमलेश यादव और शिवबती कुंजाम ने बताया कि पंप ठीक से काम कर रहा है और उन्हें पेयजल की सुविधा मिल रही है।
इसके बाद, ग्राम माकड़ी खुना में भी जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगे सोलर पंप का निरीक्षण हुआ। पंप चालू था, लेकिन पाइपलाइन का कार्य अधूरा होने के कारण पानी घरों तक नहीं पहुंच पा रहा था। इस पर सीईओ ने क्रेडा अधिकारियों को पीएचई विभाग से मिलकर जल्द से जल्द पाइपलाइन कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
ग्राम अर्जुनी में किसान दशरी बाई मंडावी से सौर सुजला योजना के तहत खेत में लगे सोलर पंप के उपयोग के बारे में जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि वह पंप से तालाब भर रही हैं और इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री और सीईओ का धन्यवाद दिया।

कोण्डागांव जिले का निरीक्षण-
ग्राम पिपरा (चिख्लाडीहपारा) में जल जीवन मिशन फेस-2 के अंतर्गत स्थापित सोलर पेयजल संयंत्र का निरीक्षण किया गया। संयंत्र चालू पाया गया। वहां के निवासी मोहन मरकाम ने संयंत्र की उपयोगिता की सराहना की और पाइपलाइन जोड़ने का अनुरोध किया। इस पर अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पीएचई विभाग से समन्वय कर कार्य जल्द पूरा किया जाए।
विकासखंड फरसगांव के ग्राम पतोड़ा में सौर सुजला योजना के अंतर्गत मछली पालन कर रहे हितग्राही दीनूराम नाग से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि सोलर पंप से मछली पालन और मक्के की खेती कर वे अच्छा व्यवसाय कर रहे हैं और इससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
अंत में ग्राम भंडारसीवनी में किसान मानिकलाल के खेत में लगे सोलर पंप की जांच की गई। किसान ने बताया कि यह पंप कृषि कार्यों में काफी मददगार साबित हो रहा है।
योजनाओं के निरीक्षण के बाद सीईओ राजेश सिंह राणा ने वहां मौजूद क्रेडा अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना, सोलर हाई मास्ट, सोलर पावर प्लांट आदि योजनाओं के तहत चल रहे सभी कार्यों का नियमित निरीक्षण करें। सभी कार्य गुणवत्ता के मानकों के अनुसार और तय समय पर पूरे करें।





