मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल होंगे शामिल
रायपुर। श्री चित्रगुप्त जयंती आयोजन समिति, रायपुर के तत्वाधान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्री चित्रगुप्त प्राकट्योत्सव के पावन अवसर पर प्रदेश स्तरीय चित्रांशोत्सव 2026 का भव्य आयोजन रविवार, 3 मई 2026 को राजधानी रायपुर में किया जा रहा है।
समिति के संयोजक संजय श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि चित्रांशोत्सव 2026 आयोजन का यह 15वां वर्ष है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रहेंगे तथा अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह एवं विशिष्ट अतिथि सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की उपस्थिति में सम्पन्न होगी। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व निर्धारित क्रम के अनुसार रविवार, 3 मई 2026 को अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, मेडिकल कॉलेज, जेल रोड, रायपुर में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत दोपहर 12ः30 बजे से समाज के बच्चों एवं महिलाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। सायं 4ः30 बजे से समाजजन एकत्रित होंगे, जिसके पश्चात 5ः00 बजे पूजन, आरती एवं भजन का आयोजन किया जाएगा। सायं 5ः30 बजे से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी। इसके उपरांत रात्रि 8:00 बजे से संगीत संध्या, मंचीय कार्यक्रम एवं स्वरुचि भोज का आयोजन किया जाएगा।
संजय श्रीवास्तव ने समस्त चित्रांश समाज से आग्रह किया है कि वे सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएं तथा समाज में एकता एवं सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करें।
