आरंग। बरसते पानी और कठिन रास्तों के बावजूद कांवड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ। माता कौशल्या की पुण्यधरा चंदखुरी से बाबा बागेश्वरनाथ की नगरी आरंग तक तीन दिवसीय सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हजारों कांवड़ियों की मौजूदगी में हुआ। यात्रा का नेतृत्व कैबिनेट मंत्री एवं यात्रा संयोजक गुरु खुशवंत साहेब ने किया।
करीब 71 किलोमीटर लंबी यह कांवड़ यात्रा विभिन्न गांवों से होकर गुजर रही है। यात्रा के माध्यम से सामाजिक एकता, समरसता, भाईचारे और सद्भाव का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इस दौरान “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
बारिश भी नहीं रोक सकी कांवड़ियों का उत्साह
यात्रा के दौरान लगातार बारिश के बावजूद कांवड़ियों के कदम नहीं रुके। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ यात्रा में शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
यात्रा संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समरसता और भाईचारे का जनअभियान है। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से समाज में व्याप्त भेदभाव और दूरियों को कम करने तथा प्रत्येक व्यक्ति के मन में प्रेम, अपनत्व और समानता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” का भाव एक मजबूत और समरस समाज की आधारशिला है।
गांव-गांव में हुआ कांवड़ियों का स्वागत
यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर सर्वसमाज के पदाधिकारियों, सदस्यों और ग्रामीणों ने कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी से यात्रा के दौरान उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
आयोजकों के मुताबिक, गांव-गांव से मिल रहा समर्थन सामाजिक सद्भाव और भाईचारे के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
चंदखुरी से नारा तक पहुंची यात्रा
यात्रा के पहले दिन कांवड़ियों ने चंदखुरी से चंदखुरी फार्म, नगपुरा, मौली माता चौक, सकरी, अमेरी, टेकारी और डीघारी मोड़ होते हुए ग्राम नारा तक यात्रा की। ग्राम नारा में रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई।
पहले दिन के समापन पर ग्राम नारा में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया गया। इस दौरान दुर्गा साहू द्वारा पंडवानी की प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रंग प्रदान किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया।
कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी हुए शामिल
कांवड़ यात्रा में विधायक रोहित साहू, भाजपा जिला प्रभारी रायपुर ग्रामीण सुरेंद्र पाटनी, छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास महाराज, छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, यात्रा संयोजक गोबिंद साहू सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सर्वसमाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
तीन दिवसीय यह यात्रा चंदखुरी से आरंग तक 71 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश लोगों तक पहुंचाएगी।
