रायपुर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रायपुर ने एन.एच. गोयल वर्ल्ड स्कूल, रायपुर में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, तनाव को समझने और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों, प्रश्नोत्तर सत्र और फिल्म प्रदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद किया गया।
रोटरी क्लब की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण विशेषज्ञ डॉ. एला गुप्ता ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने तनाव के शुरुआती संकेतों को पहचानने, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और रोजमर्रा के जीवन में मानसिक संतुलन बनाए रखने के महत्व को समझाया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी सतीश नायर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता की आवश्यकता को रेखांकित किया। वक्ताओं ने कहा कि पढ़ाई, परीक्षा और अन्य गतिविधियों के कारण विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में उनकी भावनाओं को समझना और समय पर सहयोग देना जरूरी है।
रोटरी क्लब ऑफ रायपुर की अध्यक्ष डॉ. प्रीता लाल ने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य भी व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। विद्यार्थियों में पढ़ाई और परीक्षा से जुड़े तनाव को समझकर उन्हें उचित मार्गदर्शन और सहयोग दिया जाना चाहिए।
एन.एच. गोयल वर्ल्ड स्कूल के प्राचार्य डॉ. अविनाश पांडेय ने कहा कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वहीं, स्कूल के संचालक तोमर ने विशेष अतिथि के रूप में कहा कि समाज में सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाने में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सामाजिक प्रभाव वाले कार्यक्रमों के आयोजन के लिए रोटरी क्लब ऑफ रायपुर का आभार जताया।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब के सुभाष साहू, उत्तम गर्ग, सचिव निपेश प्रजापति, कृष्णा साहू सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित रहे।

