आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने की प्रशंसा
रायपुर। नई दिल्ली में “ए आई इंपैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ के युवाओं के द्वारा उल्लेखनीय प्रदर्शन किए जाने की नागरिक आपूर्ति निगम छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने प्रशंसा करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य में किसी भी क्षेत्र में टैलेंट की कमी नहीं है। यहां के युवा शिक्षा, कला उद्योग इत्यादि क्षेत्रों में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते आ रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के युवाओ को इस क्षेत्र में आगे बढ़कर नया कुछ करने का आह्वान करते हुए कहा कि ए आई तकनीक से राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ने की काफ़ी संभावना है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विज्ञान और चिकित्सा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रहा है।
उल्लेखनीय है कि एआई इंपैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली अनुराग मानिक और आस्था मानिक ने कर्तव्य एप्प प्रस्तुत किया जोकि एआई जनित आवाज और वास्तविक आवाज को अलग-अलग पहचान लेने में सक्षम है। अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने उनकी प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन युवाओ ने इस प्रतियोगिता में हजारों टैलेंटेड प्रतिभागियों के बीच कई कठिन चरणों को सफलतापूर्वक पार करते हुए शीर्ष स्थान हासिल करने में सफलता पाई है। यह सफलता इन युवाओं के कठिन परिश्रम, धैर्य और असाधारण प्रतिभा की परिचायक है।
उन्होंने कहा कि भारत देश, अब तकनीक के मामले में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। छत्तीसगढ़ में भी ए आई के व्यावहारिक और व्यापारिक प्रयोग पर ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार, खेती से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य सभी क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान ए आई के माध्यम से समाधान करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। हम डिजिटाइजेशन युग में आगे बढ़ रहे हैं तो देश में ए आई के क्षेत्र में अब भारत मॉडल को आगे बढ़ाया जा रहा है। यह देश में नई तकनीक क्रांति लेकर आने वाला है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के युवाओं को ए आई के क्षेत्र में उत्तरोत्तर बेहतर काम करने का आव्हान किया है।
