रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी में इस बार भव्य दही हांडी उत्सव की तैयारी है। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के विशेष सहयोग से 5 सितंबर 2026, शनिवार को अवधपुरी मैदान, दही हांडी उत्सव स्थल, श्रीनगर रोड गुढ़ियारी में विशाल दही हांडी उत्सव प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शुरू होगा।
आयोजन के 16वें वर्ष में इस बार प्रतियोगिता को पहले से ज्यादा भव्य बनाने की तैयारी है। खास बात यह है कि दही हांडी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड, ओडिशा सहित अन्य राज्यों से भी गोविंदा टोलियां पहुंचेंगी। प्रतियोगिता जीतने वाली टोली को 15 लाख रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य प्रतिभागी टोलियों को भी समिति की ओर से सांत्वना राशि प्रदान की जाएगी।
26 गोविंदा टोलियों ने कराया पंजीयन
समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल और सह-संयोजक हेमेंद्र साहू ने बताया कि अब तक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित अलग-अलग क्षेत्रों की करीब 26 गोविंदा टोलियां और महिला गोविंदा टोलियां पंजीयन करा चुकी हैं। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर और जबलपुर से भी टोलियों ने प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए नाम दर्ज कराया है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है।
बी प्राक और लखबीर सिंह लक्खा होंगे खास आकर्षण
इस बार दही हांडी उत्सव में धार्मिक आयोजन के साथ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा। युवाओं के बीच लोकप्रिय गायक बी प्राक अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर भी प्रस्तुति देंगी।
आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कृष्ण भक्तों के साथ युवा भी शामिल होंगे। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, दही हांडी प्रतियोगिता और कलाकारों की प्रस्तुतियां आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
पुरुष और महिला दही हांडी के साथ ग्रीस वाला खंभा भी
उत्सव में पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीस युक्त खंभा दही हांडी प्रतियोगिता भी होगी। अलग-अलग राज्यों से पहुंचने वाली गोविंदा टोलियां दही हांडी फोड़ने के लिए अपने कौशल, साहस और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगी।
सुरक्षा के लिए पुलिस, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा को लेकर भी व्यवस्था की जा रही है। समिति की ओर से प्रशासन के सहयोग से पुलिस व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र और आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी।
समिति ने गोविंदा टोलियों से प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। आयोजकों ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी टोली द्वारा अपने स्तर पर किए गए प्रयास से होने वाली व्यक्तिगत दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित टोली की स्वयं की होगी।
कृष्ण भक्तों और युवाओं से शामिल होने की अपील
सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने रायपुरवासियों, कृष्ण भक्तों और युवाओं से बड़ी संख्या में आयोजन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाएं और इस भव्य आयोजन को यादगार बनाएं।
वार्ता के दौरान पुष्पेंद्र उपाध्याय, हेमेंद्र साहू, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश माहेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम और भगत अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।
