अधिवक्ता भगवानू नायक बोले- अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और जल, जंगल, जमीन की रक्षा की प्रेरणा देता है भगवान बिरसा मुंडा का जीवन
रायपुर। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज ने आदिवासी समाज के महानायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। इस मौके पर उनके संघर्ष, साहस और बलिदान को याद करते हुए आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और अधिकारों की रक्षा में उनके योगदान पर विचार रखे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज के संस्थापक अधिवक्ता भगवानू नायक ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल आदिवासी समाज के महानायक नहीं, बल्कि देश के शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों के लिए भी प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित किया और जल, जंगल तथा जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक उलगुलान विद्रोह का नेतृत्व किया। उनका संघर्ष सामाजिक न्याय, स्वाभिमान, स्वतंत्रता और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा का प्रतीक है।
25 वर्ष की उम्र में दिया था बलिदान
सामाजिक नेता अधिवक्ता कैलाश हरपाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की उम्र में अपने प्राणों का बलिदान दिया। रांची जेल में उनका निधन हुआ, लेकिन उनके विचार और संघर्ष आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं। भारतीय इतिहास में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
शिक्षा और सामाजिक एकता पर दिया जोर
आंबेडकर विचार मंच के संरक्षक संजय कुमार गजभिए ने कहा कि वर्तमान समय में भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाते हुए समाज में शिक्षा, जागरूकता, समानता और संवैधानिक अधिकारों के प्रति चेतना बढ़ाने की जरूरत है। उनके संघर्ष से प्रेरणा लेकर हर वर्ग को अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संगठित होना चाहिए।
राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज के युवा नेता जितेंद्र नायक ने भी भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और सामाजिक चेतना को नमन किया। उन्होंने कहा कि उनका जीवन अन्याय के खिलाफ खड़े होने, अपनी संस्कृति और विरासत की रक्षा करने तथा सामाजिक एकता को मजबूत बनाने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना सभी का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने और समाज में शिक्षा, सामाजिक न्याय, समानता तथा एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अधिवक्ता भगवानू नायक, अधिवक्ता कैलाश हरपाल, संजय कुमार गजभिए, पूर्व पार्षद प्रत्याशी संतोष क्षत्रि, पृथ्वीराज महानंद, दुबले तांडी, जितेंद्र नायक, मनोज सोना, बिट्टू क्षत्रि, बसंत तांडी, मलय चक्रवर्ती, झाऊलाल सोनकर सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित थे।
