नवीन शासकीय महाविद्यालय और ब्रीविक इंटरनेशनल एजुकेशन एकेडमी की संयुक्त पहल, सभी सत्र विद्यार्थियों के लिए रहेंगे निःशुल्क
रायपुर। विद्यार्थियों को करियर के बेहतर विकल्पों की जानकारी देने और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण के प्रति जागरूक करने के लिए नवीन शासकीय महाविद्यालय, माना और ब्रीविक इंटरनेशनल एजुकेशन एकेडमी की संयुक्त पहल पर निःशुल्क कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। इन सत्रों में विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन के साथ POSH (यौन उत्पीड़न की रोकथाम) से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत 17 नवंबर से होगी।
करियर मार्गदर्शन सत्रों में विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, कौशल विकास प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों के बारे में बताया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर चुनने में मदद करना है।
वहीं, POSH जागरूकता सत्रों में लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम, व्यक्तिगत सुरक्षा, अधिकारों और जिम्मेदारियों के साथ सुरक्षित एवं सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण के महत्व पर जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम का मार्गदर्शन ब्रीविक इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड की उपाध्यक्ष (व्यवसाय परिवर्तन एवं रणनीति) एस. संध्या नायर करेंगी। ब्रीविक इंटरनेशनल एजुकेशन एकेडमी के सहयोग से आयोजित होने वाले सभी सत्र विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह निःशुल्क रहेंगे।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सपना कॉर ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को उपयोगी जानकारी मिलेगी और वे इसका लाभ उठा सकेंगे।
महाविद्यालय की प्राध्यापिका डॉ. पूनम संजू साहू ने बताया कि कार्यक्रम के सत्र 17 नवंबर से आयोजित किए जाएंगे।
