रायपुर। गोंदिया, महाराष्ट्र की खुशबू शर्मा ने Beauty Icon India Global Season-7 में प्रथम उपविजेता का खिताब हासिल किया। रायपुर के वीआईपी रोड स्थित हुकुम्स ललित महल पैलेस में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें यह उपलब्धि मिली। प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन के लिए महाराष्ट्र राज्य पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
कनिष्का फाउंडेशन की अध्यक्ष, समाजसेवी और रेकी हीलर खुशबू शर्मा ने प्रतियोगिता के अलग-अलग चरणों में अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। आरना फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को प्रश्नोत्तर, प्रतिभा, पारंपरिक, रचनात्मकता और गाउन सहित पांच चरणों से गुजरना पड़ा।
खुशबू शर्मा ने सभी चरणों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रथम उपविजेता का स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से गोंदिया और महाराष्ट्र के लोगों में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में उन्हें उनके प्रदर्शन के लिए महाराष्ट्र राज्य पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री सिमरन सचदेवा, सब्यासुरी, एवरग्रीन विशाल, विनीता मलिक और मिस फेमिना अनुष्का सोने सहित कई हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम की आयोजक रुना शर्मा अत्री थीं, जबकि सागर नथानी ने समन्वय और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली।
खुशबू शर्मा ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उन महिलाओं के लिए भी प्रेरणा है जो अपने सपनों को पहचान देने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का प्रयास कर रही हैं।
