रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में बीएससी द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
परीक्षा शुरू होने से पहले मिली पेपर लीक की सूचना
जानकारी के मुताबिक, बीएससी द्वितीय वर्ष के Pest Management in Crops and Stored Grains-I (AENT 221) यानी एंटोमोलॉजी विषय की परीक्षा गुरुवार को आयोजित होनी थी। परीक्षा शुरू होने से पहले विश्वविद्यालय प्रशासन को प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिली।
सुबह करीब 8:50 बजे कवर्धा से प्रश्नपत्र लीक होने की जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और सुबह 10:30 बजे परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
विश्वविद्यालय प्रबंधन की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम की धारा 4, 5 और 10 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पांच सदस्यीय समिति करेगी जांच
प्रश्नपत्र लीक मामले की आंतरिक जांच के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति पूरे घटनाक्रम की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारी तय करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विद्यार्थियों के हित में जल्द होगी नई परीक्षा
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि परीक्षाओं की निष्पक्षता और विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरस्त परीक्षा की नई तारीख जल्द निर्धारित की जाएगी और इसकी जानकारी परीक्षार्थियों को समय पर दी जाएगी।
प्रश्नपत्र तैयार होने से लेकर भेजे जाने तक होगी जांच
विश्वविद्यालय के प्रश्नपत्रों की सेटिंग और छपाई विश्वविद्यालय स्तर पर होती है। इसके बाद प्रश्नपत्र संबंधित महाविद्यालयों को भेजे जाते हैं। ऐसे में जांच के दौरान प्रश्नपत्र लीक होने से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
यह भी पढ़ें
छत्तीसगढ़ में कृषि शिक्षा और विश्वविद्यालयों से जुड़ी प्रमुख खबरें
प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नौकरी से जुड़ी ताजा खबरें
छत्तीसगढ़ में शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण अपडेट
