रायपुर। छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में दो दिवसीय ‘संवाद 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन (CSWA) की ओर से यह आयोजन 22 और 23 अगस्त 2026 को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा। आयोजन में प्रदेशभर से सोलर एवं रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र से जुड़े 1,500 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजकों के अनुसार, ‘One Vision, One Platform, Endless Opportunities’ और ‘संवाद से समाधान’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में सोलर कंपनियां, EPC प्लेयर्स, निर्माता, निवेशक, कंसल्टेंट, ट्रेडर्स, सर्विस प्रोवाइडर्स और तकनीकी विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योग से जुड़े लोगों के बीच व्यापारिक संपर्क, तकनीकी जानकारी और नए अवसरों को बढ़ावा देना है।
उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे प्रमुख अतिथि
22 अगस्त को होने वाले उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, CREDA अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, प्रधान सचिव एवं CSPDCL अध्यक्ष सुबोध सिंह, CREDA के CEO सारांश मित्तल, CSPDCL के MD भीम सिंह कंवर और चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी की उपस्थिति प्रस्तावित है।
वहीं 23 अगस्त को होने वाले समापन एवं सम्मान समारोह में विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि होंगे। विधायक पुरंदर मिश्रा की भी उपस्थिति रहेगी।
45 से अधिक स्टॉल में दिखेगी सोलर तकनीक
‘संवाद 2026’ का प्रमुख आकर्षण ग्रैंड सोलर एग्जीबिशन होगा। इसमें 45 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रदर्शनी में सोलर मॉड्यूल, इनवर्टर, बैटरी और एनर्जी स्टोरेज सिस्टम, माउंटिंग स्ट्रक्चर, केबल्स एवं BOS कंपोनेंट्स, EV चार्जिंग सॉल्यूशन सहित आधुनिक सोलर तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि प्रदर्शनी के माध्यम से कंपनियों और संभावित व्यापारिक साझेदारों को सीधे संवाद और B2B नेटवर्किंग का अवसर मिलेगा।
सोलर कारोबार और निवेश पर होगी चर्चा
दो दिवसीय आयोजन में तकनीकी सेमिनार, डेमोंस्ट्रेशन और पैनल डिस्कशन भी होंगे। इनमें सौर ऊर्जा से जुड़ी नीतियों, नई तकनीकों, बाजार की संभावनाओं, निवेश और भविष्य के अवसरों पर चर्चा की जाएगी।
MNRE, CREDA और DISCOMs सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों की सहभागिता से उद्योग और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर रहेगा। एसोसिएशन का कहना है कि आयोजन का उद्देश्य केवल समस्याओं पर चर्चा करना नहीं, बल्कि ‘संवाद से समाधान’ की दिशा में ठोस पहल करना है।
‘संवाद 2026 डायरेक्टरी’ का होगा विमोचन
कार्यक्रम में ‘Connecting Today, Powering Tomorrow’ थीम पर तैयार ‘संवाद 2026 डायरेक्टरी’ का विमोचन भी किया जाएगा। इसमें सोलर एवं रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र से जुड़े प्रमाणित EPC प्लेयर्स, ट्रेडर्स और निर्माताओं की कंपनी प्रोफाइल तथा संपर्क विवरण शामिल होंगे। डायरेक्टरी का प्रिंटेड और डिजिटल संस्करण जारी किया जाएगा।
बिजनेस के साथ मनोरंजन और नेटवर्किंग
आयोजन में बिजनेस और तकनीकी सत्रों के अलावा प्रतिभागियों के लिए मोटिवेशनल सेशन, लाइव म्यूजिकल परफॉर्मेंस, कलाकारों की प्रस्तुतियां, स्टैंडअप कॉमेडी और नेटवर्किंग डिनर का भी आयोजन किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में रिन्यूएबल एनर्जी को बढ़ावा देने की पहल
छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के अनुसार, राज्य में सौर ऊर्जा और रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में निवेश और रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। ‘संवाद 2026’ के जरिए उद्योग से जुड़े विभिन्न पक्षों को एक मंच पर लाकर नई तकनीक, निवेश, व्यापार और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजन का नेतृत्व CSWA के अध्यक्ष संतोष मिश्रा, उपाध्यक्ष पीतांबर गुप्ता, सचिव रितेश कुमार खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष लतीश जुमनानी, इवेंट ऑर्गेनाइजर हेड रितिक अग्रवाल एवं रोहन लूथरा, मेंबरशिप कमेटी हेड रविंद्र मिश्रा और डायरेक्टरी हेड सुयश तिवारी कर रहे हैं।
