महासमुंद। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.56 करोड़ रुपये के गांजा मामले के कथित मास्टरमाइंड को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विनय शर्मा उर्फ पंडित जी के रूप में हुई है, जिसे उत्तर प्रदेश के शामली जिले से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को बसना थाना क्षेत्र के पलसापाली चेकपोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान एक आयशर मालवाहक वाहन से 912.760 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। तस्करों ने गांजे को कच्चे केलों की खेप के नीचे छिपाकर रखा था। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई थी। कार्रवाई के दौरान वाहन से चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई थीं।
जांच में सामने आया कि गांजे की खेप ओडिशा के कंधमाल जिले से उत्तर प्रदेश के शामली भेजी जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को विनय शर्मा की संलिप्तता के अहम सुराग मिले।
इसके बाद बसना पुलिस की विशेष टीम को उत्तर प्रदेश भेजा गया, जहां 17 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी विभिन्न राज्यों में संचालित कारोबार की आड़ में अवैध मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर महासमुंद लाया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है।
इस मामले में पुलिस अब तक सप्लायर से लेकर कथित रिसीवर तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की जांच और कार्रवाई जारी है।
