रायपुर। (ASKCG) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा गुरुवार को राजधानी रायपुर स्थित ऊर्जा शिक्षा उद्यान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाना रहा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश सिंह राणा की उपस्थिति में हुए इस आयोजन में 100 से अधिक पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, आम नागरिकों एवं क्रेडा अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर श्री राणा ने कहा, “विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिवस नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी सतत प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह दिन हमें हमारी जिम्मेदारियों की याद दिलाता है और प्रकृति के प्रति सम्मान जताने का अवसर देता है।” उन्होंने बच्चों और उपस्थित लोगों को सौर ऊर्जा के महत्व, पर्यावरण संरक्षण के उपायों एवं ऊर्जा बचत से जुड़ी कई अहम जानकारियां भी साझा कीं।
श्री राणा ने प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए ‘लाइफ मिशन’ (LiFE – Lifestyle for Environment) और मुख्यमंत्री द्वारा राज्य में पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में बच्चों ने निबंध लेखन व जानकारी साझा कर पर्यावरण के प्रति अपनी जागरूकता प्रदर्शित की। उन्होंने विभिन्न प्रकार के पौधों को खुद अपने हाथों से रोपित किया। बच्चों के इस उत्साह और योगदान को देखते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया।
क्रेडा अधिकारियों ने सौर ऊर्जा परियोजनाओं एवं ऊर्जा संरक्षण उपायों पर विस्तृत जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में 150 से अधिक बच्चे, स्थानीय नागरिक एवं क्रेडा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




