अवैध निर्माण से किसानों का रास्ता बंद, प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
रायपुर। जिले के ग्राम गिरौद, तहसील धरसींवा में किसानों की कृषि भूमि तक जाने वाले रास्ते को अवैध रूप से बंद किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओबीसी विभाग) भावेश बघेल ने बताया कि ग्राम के किसानों की पैतृक कृषि भूमि तक आने-जाने के एकमात्र रास्ते पर अवैध रूप से बाउंड्रीवाल एवं निर्माण कर दिया गया है, जिससे किसानों का खेती करना लगभग असंभव हो गया है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी एवं ग्रामीणों द्वारा जिला कलेक्टर रायपुर को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। कार्रवाई न होने से किसानों में भारी रोष है और वे लगातार अपनी आवाज उठा रहे हैं, बावजूद इसके प्रशासन की चुप्पी चिंता का विषय बनी हुई है।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओबीसी विभाग) भावेश बघेल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रदेश में भू-माफियाओं को भाजपा सरकार का संरक्षण प्राप्त है, इसी वजह से ऐसे लोग खुलेआम कानून तोड़ रहे हैं और किसानों के रास्ते, जमीन व अधिकारों पर कब्जा कर रहे हैं। बार-बार आवेदन और ज्ञापन देने के बावजूद यदि कार्रवाई नहीं होती, तो यह सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही और राजनीतिक संरक्षण को दर्शाता है।
प्रभावित किसानों का कहना है कि रास्ता बंद होने से वे अपनी ही भूमि तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे फसल, सिंचाई और कृषि कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें गंभीर आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। किसान लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं।
भावेश बघेल ने कहा कि यह मामला केवल रास्ते का नहीं, बल्कि किसानों की आजीविका और सम्मान से जुड़ा हुआ है। यदि शीघ्र अवैध निर्माण नहीं हटाया गया, तो किसान और जिला कांग्रेस कमेटी को आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
उन्होंने मांग की कि अवैध बाउंड्रीवाल एवं निर्माण तत्काल हटाया जाए, किसानों को भूमि तक आने-जाने का मार्ग तुरंत बहाल किया जाए और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। किसानों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आज लगातार किसानों की शिकायतें मिलने पर मौके पर भावेश बघेल कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस कमिटी ओबीसी विभाग, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा,
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसींवा के अध्यक्ष आशीष वर्मा,सी के वर्मा, पूर्व सरपंच गिरोद, रवि लहरी सहित आसपास के जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सभी ने एकजुट होकर किसानों के समर्थन में आवाज बुलंद की और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

