20 से 24 फरवरी 2027 तक ग्रेटर नोएडा में होगा ELECRAMA का 17वां संस्करण, 1,100 से अधिक प्रदर्शकों और 5 लाख से ज्यादा आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद
रायपुर। भारतीय इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (IEEMA) ने रायपुर में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ इंडस्ट्री आउटरीच कार्यक्रम किया। इसमें इलेक्ट्रिकल उपकरण उद्योग में हो रहे बदलावों, ऊर्जा क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों और भारत के बिजली तंत्र को मजबूत बनाने में उद्योग की भूमिका पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ के उद्योगों को ELECRAMA 2027 से जोड़ना और इस वैश्विक प्रदर्शनी में उनकी भागीदारी बढ़ाना रहा।
IEEMA की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम ELECRAMA 2027 से पहले चलाए जा रहे क्षेत्रीय संपर्क अभियान का हिस्सा है। ELECRAMA का 17वां संस्करण 20 से 24 फरवरी 2027 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होगा। इसे विश्व की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिकल इंडस्ट्री प्रदर्शनियों में गिना जाता है।
‘आई की शक्ति का उपयोग’ थीम पर आधारित ELECRAMA 2027 में 1,100 से अधिक प्रदर्शकों और 10 देशों के मंडपों के शामिल होने की संभावना है। प्रदर्शनी के दौरान 25 हजार से अधिक बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकों की योजना है। इनके माध्यम से करीब 25 अरब अमेरिकी डॉलर के व्यावसायिक अवसर पैदा होने की उम्मीद जताई गई है। आयोजकों के अनुसार, इस संस्करण में 500 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 5 लाख से ज्यादा आगंतुक पहुंच सकते हैं।
IEEMA की इंडस्ट्री खरीदार संपर्क समिति के चेयरमैन और ईसुन-एमआर टैपचेंजर्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ आर. प्रकाश ने कहा कि भारत का बिजली क्षेत्र बढ़ती ऊर्जा मांग, नई तकनीकों और नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार के कारण तेजी से बदल रहा है। ELECRAMA उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधियों को विचार साझा करने, नए उत्पादों और तकनीकों को प्रदर्शित करने तथा कारोबारी संभावनाएं तलाशने का अवसर देता है। इससे वैश्विक इलेक्ट्रिकल बाजार में भारत की स्थिति मजबूत करने में मदद मिलती है।
पॉलीकैब इंडिया लिमिटेड के सीईओ-बी2बी चैनल एवं कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन तथा ELECRAMA के वाइस चेयरमैन शशि अमीन ने कहा कि इलेक्ट्रिकल ग्रिड के आधुनिकीकरण, नवीकरणीय ऊर्जा और बिजली वितरण व्यवस्था को अधिक सक्षम बनाने के क्षेत्र में भारतीय उद्योग के सामने नए अवसर हैं। ELECRAMA कंपनियों को एक मंच पर लाकर तकनीकी नवाचार प्रदर्शित करने, व्यावसायिक समझौते बढ़ाने और भारतीय कंपनियों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने का काम करता है।
इंडस्ट्री खरीदार संपर्क समिति के वाइस चेयरमैन सेम्बियन बालासुब्रमण्यम ने कहा कि रायपुर और छत्तीसगढ़ का क्षेत्र भारत के इलेक्ट्रिकल विनिर्माण क्षेत्र में अहम भूमिका निभाता है। उद्योग को अधिक मजबूत और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए क्षेत्रीय कंपनियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इस आउटरीच कार्यक्रम के जरिए स्थानीय उद्योगों और कारोबारियों तक ELECRAMA 2027 की जानकारी पहुंचाने तथा उन्हें इसमें शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इंडस्ट्री खरीदार आउटरीच कमेटी के मेंटर श्रीधर गोखले ने कहा कि इलेक्ट्रिकल क्षेत्र नई तकनीकों, नवाचार और सतत ऊर्जा समाधानों को अपना रहा है। ELECRAMA इन प्रयासों को प्रदर्शित करने और उद्योग के विभिन्न हिस्सों के बीच सहयोग बढ़ाने का अवसर देता है।
IEEMA की स्थापना वर्ष 1948 में हुई थी। यह भारत में इलेक्ट्रिकल, इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स और संबंधित उपकरणों के निर्माताओं का शीर्ष संगठन है। इसका दायरा बिजली उत्पादन, पारेषण और वितरण से जुड़े उपकरणों के साथ नई एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों तक फैला है।
भारत में बिजली की मांग बढ़ने और ऊर्जा क्षेत्र में बदलाव के बीच ELECRAMA 2027 को उद्योग के लिए तकनीक, कारोबार और वैश्विक सहयोग का महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है। रायपुर में हुए इस संपर्क कार्यक्रम के जरिए IEEMA ने छत्तीसगढ़ के उद्योग जगत को इस आयोजन से जोड़ने की दिशा में पहल की है।
