बलौदाबाजार। जिले के बकुलाही क्षेत्र में स्थित एक स्पंज आयरन प्लांट में मंगलवार सुबह जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में अब तक 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मलबे में कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि विस्फोट प्लांट के भीतर सुबह काम के दौरान हुआ। धमाके के चलते प्लांट की एक यूनिट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर भारी मात्रा में मलबा फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोट तकनीकी खराबी या अत्यधिक दबाव के कारण हो सकता है। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं।
