सुशासन तिहार के तहत क्रेडा की तैयारी तेज
रायपुर। (ASKCG) छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 8 अप्रैल से 31 मई 2025 तक चलाए जा रहे “सुशासन तिहार” अभियान में क्रेडा (CREDA) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने 20 मई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने प्रदेशभर में क्रेडा द्वारा स्थापित सभी सौर संयंत्रों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
शिविरों में जनसमस्याओं का समाधान, संयंत्रों का हो नियमित निरीक्षण
क्रेडा अध्यक्ष सवन्नी ने कहा कि जिस तरह सुशासन तिहार के दौरान पूरे प्रदेश में शिविर लगाकर नागरिकों की समस्याएं सुलझाई जा रही हैं, उसी तर्ज पर क्रेडा अधिकारी भी अभियान चलाएं। सौर सुजला योजना, जल जीवन मिशन और सोलर हाई मास्ट लाइट्स जैसी योजनाओं के तहत पूर्व में लगाए गए सभी सौर संयंत्रों का शत-प्रतिशत निरीक्षण किया जाए। जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, वहाँ समयबद्ध मरम्मत कार्य कर लाभार्थियों को सुविधा मिलनी चाहिए।
शिकायत मिली तो होगी सख्त कार्रवाई
क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने स्पष्ट कहा कि सुशासन तिहार के दौरान यदि क्रेडा से जुड़ी कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो उसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल निराकरण किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुणवत्ता से समझौता नहीं – जीरो टॉलरेंस की चेतावनी
बैठक में अध्यक्ष ने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि नवीन संयंत्रों की स्थापना गुणवत्ता के उच्च मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। यदि किसी अधिकारी द्वारा गुणवत्ता में कोताही बरती जाती है, तो उसके विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जिन इकाइयों द्वारा घटिया कार्य या मरम्मत कार्यों में लापरवाही बरती गई है, उनके विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
केंद्र सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए तैयार है क्रेडा
बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं के लक्ष्यों को समयसीमा में पूर्ण करें, ताकि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिकतम लोगों तक पहुँच सके।
