120 रन की विस्फोटक पारी के बाद गेंदबाजी में भी छाए आर्यन, बने मैन ऑफ द मैच
रायपुर। टर्मिनेटर विप्रा स्टेट लेवल स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी सीजन-6 में दिशा पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मॉडल इंग्लिश स्कूल को 139 रन से हरा दिया। मैच में दिशा पब्लिक स्कूल के आर्यन शर्मा ने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल किया। उन्होंने पहले 120 रन की शतकीय पारी खेली और फिर गेंदबाजी में 5 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आर्यन के शतक से दिशा ने बनाए 234 रन
मुकाबले में टॉस जीतकर मॉडल इंग्लिश स्कूल ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दिशा पब्लिक स्कूल की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 234 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
आर्यन शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 120 रन बनाए। उनका साथ देते हुए आदर्श प्रजापति ने 52 रन की अहम पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के योगदान से दिशा पब्लिक स्कूल मजबूत स्थिति में पहुंच गई। मॉडल इंग्लिश स्कूल की ओर से आरव भारती ने 3 विकेट हासिल किए।
आर्यन की गेंदबाजी के सामने 95 रन पर सिमटी मॉडल की टीम
235 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मॉडल इंग्लिश स्कूल की टीम दिशा पब्लिक स्कूल के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सकी। पूरी टीम 95 रन पर ऑलआउट हो गई। आरव भारती ने 34 रन और आरिश ने 27 रन बनाए।
दिशा पब्लिक स्कूल की ओर से आर्यन शर्मा ने 5 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को झकझोर दिया। अभिनव सिंह ने भी 3 विकेट हासिल किए। इस तरह दिशा पब्लिक स्कूल ने 139 रन से बड़ी जीत दर्ज की।
एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल और केपीएस सरोना भी जीते
प्रतियोगिता के अन्य मुकाबलों में एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल ने सेंट मैरी स्कूल को 4 विकेट से हराया। वहीं, केपीएस सरोना ने श्री शंकरा सीनियर सेकेंडरी स्कूल को 9 विकेट से शिकस्त दी।
अगले मुकाबलों में इन टीमों के बीच होगी टक्कर
टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी सीजन-6 के अगले दिन चार मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में एमजीएम स्कूल और दिशा पब्लिक स्कूल आमने-सामने होंगे। दूसरे मुकाबले में द रेडिएंट स्कूल का सामना दिशा पब्लिक स्कूल से होगा। तीसरे मैच में गुरुनानक पब्लिक स्कूल और आरके शारडा आश्रम स्कूल भिड़ेंगे, जबकि चौथे मुकाबले में रयान इंटरनेशनल स्कूल और लिटिल फ्लावर स्कूल के बीच मैच खेला जाएगा।
32 स्कूलों की टीमें ले रही हैं हिस्सा
टर्मिनेटर इंटरनेशनल क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्कूलों की टीमें अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक माहौल देना और उन्हें जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए तैयार करना है।
प्रतियोगिता के मुकाबलों के लाइव स्कोर CricHeroes पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मैचों का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर भी किया जा रहा है, जिससे अभिभावक, स्कूल प्रबंधन और क्रिकेट प्रेमी खिलाड़ियों का प्रदर्शन देख सकते हैं।





