टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी में सक्षम बने मैन ऑफ द मैच, हॉलीक्रॉस कांपा ने भी दर्ज की जीत
रायपुर। टर्मिनेटर विप्रा स्टेट लेवल स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी सीजन-6 में शनिवार को खेले गए मुकाबलों में सालेम इंग्लिश स्कूल और हॉलीक्रॉस स्कूल, कांपा ने शानदार जीत दर्ज की। सालेम इंग्लिश स्कूल, रायपुर ने भारत माता सीनियर स्कूल, टाटीबंध को 83 रन से हराया, जबकि हॉलीक्रॉस स्कूल, कांपा ने लिटिल फ्लावर स्कूल को 41 रन से शिकस्त दी।
सालेम इंग्लिश स्कूल ने बनाए 194 रन
पहले मुकाबले में भारत माता सीनियर स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी सालेम इंग्लिश स्कूल की टीम ने 194 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अर्पित गिरी ने 46 रन की अहम पारी खेली, जबकि अस्मित कुमार ने 24 रन बनाए।
भारत माता सीनियर स्कूल की ओर से ऋषभ सिंह और रितेश ने दो-दो विकेट हासिल किए।
111 रन पर सिमटी भारत माता स्कूल की टीम
195 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत माता सीनियर स्कूल की टीम सालेम के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई। टीम की पूरी पारी 111 रन पर सिमट गई। ऋषभ ने सबसे ज्यादा 20 रन बनाए।
सालेम इंग्लिश स्कूल की ओर से अर्नव और सक्षम ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। सालेम ने यह मुकाबला 83 रन से अपने नाम किया। शानदार प्रदर्शन के लिए सक्षम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
हॉलीक्रॉस कांपा ने 41 रन से जीता मुकाबला
दिन के दूसरे मैच में हॉलीक्रॉस स्कूल, कांपा ने लिटिल फ्लावर स्कूल को 41 रन से हराया। हॉलीक्रॉस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई। इस मुकाबले में हर्षित मंधानी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
रविवार को होंगे चार मुकाबले
टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी सीजन-6 में रविवार, 25 अक्टूबर को चार मुकाबले खेले जाएंगे। मैचों में दिशा पब्लिक स्कूल, रायपुर का मुकाबला मॉडल इंग्लिश स्कूल, रायपुर से होगा। कृष्णा पब्लिक स्कूल, सरोना की टीम शंकरा सीनियर सेकेंडरी स्कूल से भिड़ेगी। वहीं इंडियन पब्लिक स्कूल, रायपुर और आत्मानंद स्कूल, मोहबा बाजार के बीच मुकाबला होगा। दिन के एक अन्य मैच में एन.एच. गोयल वर्ल्ड स्कूल, रायपुर का सामना सेंट मैरी स्कूल, रायपुर से होगा।
32 स्कूलों की टीमें ले रही हैं हिस्सा
टर्मिनेटर इंटरनेशनल क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्कूलों की 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव देना, उनकी प्रतिभा को निखारना और भविष्य के लिए बेहतर क्रिकेट खिलाड़ी तैयार करना है।




