76 रन से दर्ज की जीत, 4 नवंबर को श्री शंकराचार्य विद्यालय भिलाई और एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल के बीच होगा फाइनल
रायपुर। टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी में केपीएस सरोना ने एमजीएम स्कूल रायपुर को 76 रनों से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में केपीएस ने पहले बल्लेबाजी और फिर गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केपीएस सरोना की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 171 रन बनाए। टीम की ओर से शुभ ने सर्वाधिक 44 रन बनाए, जबकि दीपेंद्र ने 32 रनों का योगदान दिया। एमजीएम स्कूल की ओर से नीरज नायडू ने 3 और भावेश पांडे ने 2 विकेट हासिल किए।
172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमजीएम स्कूल रायपुर की टीम 12.5 ओवर में 95 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। एमजीएम की ओर से स्वप्निल ने 65 रनों की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। केपीएस सरोना की ओर से चंदन सोनकर और आशीष प्रधान ने 3-3 विकेट लेकर टीम की जीत पक्की की। शानदार गेंदबाजी के लिए चंदन सोनकर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
कल होगा खिताबी मुकाबला
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 4 नवंबर को श्री शंकराचार्य विद्यालय हुडको भिलाई और एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल रायपुर के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई है। खिताबी मुकाबले के साथ ही प्रतियोगिता का समापन भी होगा।
32 स्कूलों के 500 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ की 32 स्कूली टीमों के करीब 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान कुल 56 मुकाबले खेले गए। सभी मैचों का यूट्यूब पर सीधा प्रसारण किया गया, जबकि दर्शकों के लिए CricHeroes पर लाइव स्कोर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।


