रायपुर। कलिंगा विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा मंगलवार 30 सितम्बर को ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ का आयोजन किया गया। यह विशेष अभियान महात्मा गाँधी की जयंती (2 अक्टूबर) और स्वच्छ भारत दिवस के उपलक्ष्य में किया गया। कार्यक्रम का संचालन NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हर्षा शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ।
अभियान का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ, हरित और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध कराना था, साथ ही विद्यार्थियों एवं समाज में स्वच्छता को लेकर जागरूकता फैलाना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। इस दौरान NSS के स्वयंसेवक छात्र-छात्राओं ने श्रमदान कर परिसर की सफाई की और वृक्षों की देखभाल की।
कार्यक्रम में शामिल छात्रों ने कचरा संग्रहण, पौधों की देखभाल तथा स्वच्छता-संबंधी नारों और संदेशों के जरिए जागरूकता फैलाने का काम किया। इस मौके पर डॉ. हर्षा शर्मा ने कहा, “स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आवश्यकता नहीं बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की नींव है।”
अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे निरंतर स्वच्छ भारत निर्माण में अपना योगदान देंगे।
