रायपुर। एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल, रायपुर की ओर से रविवार को 15वें वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। शहीद भगत सिंह चौक से शुरू हुए इस वॉकाथॉन में रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ से करीब 5 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। अलग-अलग उम्र के प्रतिभागियों ने वॉक में शामिल होकर दिल की सेहत और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
वर्ष 2012 से आयोजित हो रहे इस वॉकाथॉन का उद्देश्य लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और रोजमर्रा की जिंदगी में स्वस्थ आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। आयोजन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक अलग-अलग उम्र के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीआरपीएफ 65वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर राधे श्याम सिंह रहे। इस दौरान एफडी तपानी घोष, ट्रैफिक एआईजी संजय शर्मा, डॉ. सुमंता शेखर पाढ़ी, डॉ. पी.के. हरि कुमार, डॉ. सुनील गौनीयाल, डॉ. वसीम खान, डॉ. स्नेहिल गोस्वामी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। खुशी राइस ब्रान ऑयल से अंकित अग्रवाल और सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया (सीजी) से ललित जैसिंघ भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल, रायपुर के फैसिलिटी डायरेक्टर तपानी घोष ने कहा कि वॉकाथॉन के जरिए लोगों को दिल की सेहत के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोजाना कुछ समय पैदल चलना, संतुलित खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली हृदय स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को उत्साहजनक बताया।
कार्यक्रम के दौरान लकी विनर के रूप में पूनम साहू का चयन किया गया। उन्हें पुरस्कार के रूप में iPhone 17 प्रदान किया गया।
आयोजकों ने वॉकाथॉन में शामिल सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, सहयोगियों और शुभचिंतकों का आभार जताया। आयोजन के जरिए लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधि और हृदय स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहने का संदेश दिया गया।




