धनंजय बैरागी ने 10 रन देकर झटके 4 विकेट, एलीट क्रिकेट अकादमी की टीम 110 रन पर सिमटी
रायपुर। न्यू एरा क्रिकेट लीग अंडर-16 में इमर्जिंग क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एलीट क्रिकेट अकादमी को 82 रन से हरा दिया। इमर्जिंग की जीत के हीरो दर्श तुलस्यान रहे, जिन्होंने 90 रन की शानदार पारी खेली। वहीं गेंदबाजी में धनंजय बैरागी ने सिर्फ 10 रन देकर 4 विकेट झटकते हुए विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
टॉस जीतकर एलीट क्रिकेट अकादमी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इमर्जिंग क्रिकेट अकादमी की ओर से दर्श तुलस्यान ने पारी को संभालते हुए तेजी से रन बनाए। उन्होंने 85 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 90 रन बनाए। उनके अलावा अनुनय दुबे ने 23 और तनिष्क पाटनी ने 22 रन का योगदान दिया।
इन पारियों की मदद से इमर्जिंग क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 35 ओवर में 6 विकेट खोकर 192 रन बनाए। एलीट क्रिकेट अकादमी के सामने जीत के लिए 193 रन का लक्ष्य था।
धनंजय की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाए बल्लेबाज
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलीट क्रिकेट अकादमी की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। इमर्जिंग क्रिकेट अकादमी के गेंदबाज धनंजय बैरागी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 10 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। उनके खाते में 3 मेडन ओवर भी रहे।
धनंजय की कसी हुई गेंदबाजी के सामने एलीट के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके और पूरी टीम 27.2 ओवर में 110 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह इमर्जिंग क्रिकेट अकादमी ने 82 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
90 रन की शानदार पारी खेलने वाले दर्श तुलस्यान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
