बेंगलुरु। डॉ. (कैप्टन) के. थिम्मप्पैया मेमोरियल इनविटेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 में छत्तीसगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ौदा को 7 विकेट से हरा दिया। एमएसआर यूनिवर्सिटी स्टेडियम, बेंगलुरु में 13 से 16 सितंबर तक खेले गए मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने 228 रन के लक्ष्य को 58.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर बड़ौदा ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बड़ौदा की पहली पारी 83 ओवर में 286 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से मितेश पटेल ने 68 रन की पारी खेली, जबकि मनन सोलंकी 47 रन बनाकर नाबाद रहे। अक्षय मोरे ने 34 रन का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से संदीप वारियर और वरुण सिंह भुई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट हासिल किए।
पहली पारी में जवाब देने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने 104.2 ओवर में 348 रन बनाए। अमनदीप खरे ने 77 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। सलामी बल्लेबाज अनुज तिवारी ने 73 और संगीत सोनी ने 57 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 109 रन की शानदार साझेदारी की। राहुल प्रधान ने भी 66 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत किया। बड़ौदा के परीक्षित पाटीदार और भार्गव भट्ट ने 4-4 विकेट लिए।
दूसरी पारी में बड़ौदा ने 79 ओवर में 8 विकेट खोकर 290 रन बनाए और छत्तीसगढ़ के सामने जीत के लिए 228 रन का लक्ष्य रखा। बड़ौदा की ओर से हर्ष देसाई ने 68 रन और मनन सोलंकी ने 64 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की ओर से वरुण सिंह भुई ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके।
228 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की शुरुआत अच्छी रही। टीम ने 58.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 232 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। अनुज तिवारी और विकल्प तिवारी ने 70-70 रन की शानदार पारियां खेलीं और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ ने टूर्नामेंट में अपने तीसरे मुकाबले को शानदार अंदाज में अपने नाम किया। मैच में गेंदबाजी के दौरान वरुण सिंह भुई का प्रदर्शन खास रहा। उन्होंने बड़ौदा की पहली पारी में 4 विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में 6 विकेट झटके। वहीं बल्लेबाजी में अनुज तिवारी ने दोनों पारियों में टीम के लिए अहम योगदान दिया और लक्ष्य का पीछा करते हुए 70 रन की पारी खेली।
डॉ. (कैप्टन) के. थिम्मप्पैया मेमोरियल इनविटेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से 1 सितंबर 2026 से किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ और बड़ौदा के बीच यह मुकाबला 13 से 16 सितंबर तक बेंगलुरु के एमएसआर यूनिवर्सिटी स्टेडियम में खेला गया।

