रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को राज्य का पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त कर दिया है। राज्य शासन ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी किया।
1992 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम पिछले 14 महीनों से प्रभारी डीजीपी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पूर्व डीजीपी अशोक जुनेजा के रिटायर होने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब सरकार ने उन्हें नियमित रूप से पूर्णकालिक डीजीपी नियुक्त कर दिया है।
बताया जा रहा है कि डीजीपी नियुक्ति को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा यूपीएससी से जवाब मांगा गया था। इसके बाद यूपीएससी ने छत्तीसगढ़ सरकार को नोटिस जारी कर पूर्णकालिक डीजीपी की नियुक्ति पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा था। इसी बीच राज्य सरकार ने आदेश जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर दी।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मूल निवासी अरुण देव गौतम प्रशासनिक और पुलिस सेवा में लंबे अनुभव रखते हैं। वे छत्तीसगढ़ में सबसे लंबे समय तक गृह सचिव के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।
अरुण देव गौतम को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कई बड़े सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें वर्ष 2002 में संयुक्त राष्ट्र मेडल (कोसोवो), 2010 में भारतीय पुलिस पदक और 2018 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।
