गमछा पहनाकर किया स्वागत, नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री को दी बधाई
रायपुर। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में गुजराती समाज के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान विधायक मिश्रा ने गमछा पहनाकर उनका स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियान और प्रदेश को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए केंद्रीय गृह मंत्री को बधाई दी।
मुलाकात के दौरान गुजराती समाज के प्रतिनिधियों ने आंतरिक सुरक्षा, राष्ट्रीय एकता और विकास के क्षेत्र में केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई के साथ प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी सुविधाओं के विस्तार को भी महत्वपूर्ण बताया।
विकास और सुशासन को लेकर रखी बात
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। प्रदेश को विकास और समृद्धि की दिशा में आगे ले जाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’ के संकल्प को भी दोहराया।
मिश्रा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से छत्तीसगढ़ में विकास के नए अवसर बन रहे हैं। नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई से प्रभावित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का माहौल तैयार हुआ है। उन्होंने 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया।
राष्ट्रीय सुरक्षा और विकसित भारत पर चर्चा
विधायक ने कहा कि धारा 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने जैसे फैसलों से राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक गौरव को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे और समाज का हर वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़े।
मिश्रा ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, जनकल्याण और सुशासन के प्रयासों से भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हो रही है।
गुजराती समाज के ये प्रतिनिधि रहे मौजूद
प्रतिनिधिमंडल में विश्राम भाई छाभैया, वेलजी भाई रुडाणी, जयंती भाई छाभैया, लिलाधर भाई भगत, हरमुख भाई पटेल, देवजीभाई पटेल, जयंती पटेल, सूर्यकान्त भाई पदमाणी, दलपत भाई हलपाणी, चन्दू भाई नाकराणी, हिम्मत भाई छाभैया, तिलक भाई छाभैया, मुकेश पदमाणी, अम्बालाल धोनू, दिनेश भाई कनानी, ईश्वर भाई रुडाणी और प्रीतेश गांधी शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने अमित शाह के प्रति आभार जताते हुए राष्ट्रसेवा, आंतरिक सुरक्षा और नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
